रायगढ़ पुलिस ने झपटमार और पॉकेटमार गिरोह का किया भंडाफोड़, छह आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ जिले के लैलूंगा साप्ताहिक बाजार में सक्रिय झपटमार और पॉकेटमार गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बलरामपुर के कुसमी क्षेत्र से संचालित गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर करीब 7 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। आरोपियों के कब्जे से 18 ग्राम सोने की चेन, एक इको कार और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l रायगढ़ पुलिस ने साप्ताहिक हाट-बाजारों में महिलाओं और ग्रामीणों को निशाना बनाकर झपटमारी एवं पॉकेटमारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पांच महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं, जो बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र से आकर विभिन्न ग्रामीण बाजारों और मेलों में वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब सात लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है।
मामले की शुरुआत तब हुई जब लैलूंगा निवासी 67 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका मरियम टोप्पो ने थाना लैलूंगा में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 13 जून को वह अपने पति के साथ लैलूंगा साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार होने का प्रयास किया। घटना के बाद उन्हें कुछ महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दीं।
घटना की सूचना मिलते ही बाजार में तैनात पुलिस जवान सक्रिय हो गए। महिला आरक्षक पूनम साहू ने स्थानीय लोगों की मदद से संदिग्ध महिला मंगरीता गिरी को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दीपक गिरी को हिरासत में लिया। दोनों से पूछताछ में एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि आरोपी अपने परिवार की अन्य महिला सदस्यों के साथ इको वाहन से बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र से लैलूंगा पहुंचे थे। वारदात के बाद गिरोह के अन्य सदस्य जशपुर जिले में अपने परिचितों के यहां चले गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर पुलिस से समन्वय स्थापित कर विशेष कार्रवाई की। पुलिस टीम ने देर रात दबिश देकर जशपुर से गिरोह की चार अन्य महिला सदस्यों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंगरीता गिरी, दीपक गिरी, रीला गिरी, राजमोहनी उर्फ ठोली, सोनम गिरी और उर्मिला गिरी के रूप में हुई है। सभी आरोपी बलरामपुर जिले के राजपुर क्षेत्र के निवासी हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से पीड़िता की 18 ग्राम वजनी सोने की चेन, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये है, घटना में प्रयुक्त इको वाहन तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग सात लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना लैलूंगा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस गिरोह की अन्य गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी गिरधारी साव के निर्देशन में पुलिस टीम ने किया। कार्रवाई में आरक्षक विनोद कुजूर, शशिभूषण उरांव, उमेश साय, महिला आरक्षक पूनम साहू और लीलावती उरांव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साइबर टीम तथा जशपुर और अंबिकापुर पुलिस का भी विशेष सहयोग मिला।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण हाट-बाजारों में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। झपटमारी, पॉकेटमारी और महिलाओं को निशाना बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी l