ऑपरेशन आघात में रायगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार, यूपी के 8 गांजा तस्कर गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 34.865 किलो गांजा, तीन कार, एक स्कूटी और आठ मोबाइल समेत करीब 61.53 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। कार्रवाई रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

Sep 5, 2026 - 10:18
 0  3
ऑपरेशन आघात में रायगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार, यूपी के 8 गांजा तस्कर गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के आठ कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 34 पैकेट में कुल 34.865 किलो गांजा बरामद किया गया है। इसके अलावा टाटा सफारी, दो हुंडई औरा कार, एक स्कूटी और आठ मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 61 लाख 53 हजार 200 रुपये बताई है। मामले का खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया।

पुलिस के मुताबिक 3 सितंबर 2026 को लैलूंगा पुलिस को सूचना मिली थी कि काले रंग की टाटा सफारी से बड़ी मात्रा में गांजा उड़ीसा की ओर से लैलूंगा और पत्थलगांव होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद थाना प्रभारी लैलूंगा गिरधारी साव ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने संभावित रास्तों पर घेराबंदी और नाकेबंदी शुरू की।

पुलिस के अनुसार ग्राम कमरगा में नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध टाटा सफारी को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस के निजी वाहन को टक्कर मारकर आगे निकल गया। इसके बाद पुलिस ने पीछा किया। ग्राम मोतीपुर के पास सफारी के आगे चल रही एक स्कूटी को भी पुलिस ने देखा। पुलिस का दावा है कि स्कूटी चालक और सफारी चालक दोनों वाहन छोड़कर भागने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी गगन कुमार चौधरी और अनिल कुमार चौधरी के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि दोनों के साथ छह अन्य लोग दो हुंडई औरा कारों में आगे चल रहे थे और रास्ते में पायलटिंग कर रहे थे। इसी दौरान सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सरिया पुलिस ने कंचनपुर बैरियर और बरगढ़ जाने वाले मार्ग के पास दोनों कारों को संदेह के आधार पर रोककर उसमें सवार छह लोगों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान इन आरोपियों ने बताया कि पीछे आ रही टाटा सफारी में गांजा रखा गया था। इसके बाद रायगढ़ पुलिस को सूचना दी गई और लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य वाहन को भी पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में अनिल कुमार चौधरी, गगन कुमार चौधरी, संदीप सिंह, ललित पाल, शुभम सिंह, दीपांशु सिंह, प्रिंस सिंह और देवेंद्र तिवारी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। मामले में थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) और 29 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार इस संयुक्त कार्रवाई से उड़ीसा से उत्तर प्रदेश तक गांजा पहुंचाने वाले कथित नेटवर्क का पता लगाने में मदद मिली है।