छत्तीसगढ़ में ऑटोमोबाइल क्रांति: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे ‘राडा ऑटो एक्सपो 2026’ का भव्य शुभारंभ, रोड टैक्स में 50% की ऐतिहासिक छूट
रायपुर में 20 जनवरी से 5 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले ‘राडा ऑटो एक्सपो 2026’ का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। एक्सपो ग्राउंड से खरीदे गए वाहनों पर लाइफटाइम रोड टैक्स में 50% की ऐतिहासिक छूट की घोषणा की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. रायपुर | छत्तीसगढ़ में ऑटोमोबाइल क्षेत्र को नई दिशा देने जा रहा ‘राडा ऑटो एक्सपो 2026’ एक ऐतिहासिक आयोजन बनने जा रहा है। रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (राडा) द्वारा मध्य भारत के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल मेले के आयोजन की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। यह भव्य ऑटो एक्सपो 20 जनवरी से 05 फरवरी 2026 तक राजधानी रायपुर स्थित राम बिजनेस पार्क (ऑटो एक्सपो ग्राउंड) में आयोजित होगा।
इस 17 दिवसीय ऑटोमोबाइल महाकुंभ का भव्य उद्घाटन 21 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के करकमलों से किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और परिवहन मंत्री केदार कश्यप सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की बढ़ती औद्योगिक और आर्थिक ताकत को राष्ट्रीय व वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करेगा।
50% रोड टैक्स छूट का ऐतिहासिक निर्णय
राडा ऑटो एक्सपो 2026 को लेकर छत्तीसगढ़ शासन के परिवहन विभाग ने एक ऐतिहासिक और युगांतरकारी निर्णय लिया है। जारी राजपत्र अधिसूचना के अनुसार, ऑटो एक्सपो ग्राउंड से खरीदे गए वाहनों पर आरटीओ लाइफटाइम रोड टैक्स में 50% की भारी छूट प्रदान की जाएगी। इस फैसले से मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए कार और दोपहिया वाहन खरीदना पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगा। राडा ने इस निर्णय को ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए “गेम चेंजर” बताया है।
रिकॉर्ड बिक्री और आर्थिक विकास की उम्मीद
राडा अध्यक्ष रविंद्र भसीन सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों — अमर पारवानी, मनीष राज सिंघानिया, अनिल अग्रवाल, कैलाश खेमानी, जयेश पिथालिया, शशांक शाह, विवेक गर्ग, विवेक अग्रवाल एवं मुकेश सिंघानिया — ने इस ऐतिहासिक छूट के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है।
पिछले ऑटो एक्सपो के दौरान 29,000 से अधिक वाहनों की बिक्री हुई थी, जिससे सरकार को 800 करोड़ रुपये से अधिक का जीएसटी राजस्व प्राप्त हुआ था। इस बार 50% रोड टैक्स छूट के चलते रिकॉर्ड तोड़ बिक्री और निवेश की उम्मीद जताई जा रही है। राडा ऑटो एक्सपो 2026 निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा।