पीएम सूर्य घर योजना से रोशन हुआ टाइगर रिजर्व का गांव, ग्रामीणों को मिलने लगी मुफ्त बिजली
धमतरी जिले के टाइगर रिजर्व क्षेत्र स्थित ग्राम ठेन्ही में पीएम सूर्य घर योजना के तहत सामुदायिक सौर ऊर्जा परियोजना से ग्रामीणों को मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है। 72 परिवारों वाले गांव में 50 घरों का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष परिवारों को भी योजना से जोड़ा जा रहा है।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l धमतरी जिले के नगरी विकासखंड स्थित टाइगर रिजर्व क्षेत्र के ग्राम पंचायत ठेन्ही में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना ग्रामीणों के जीवन में नई रोशनी लेकर आई है। कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाले इस गांव में अब सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली की सुविधा पहुंच रही है, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
ग्राम ठेन्ही में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत जिले का पहला सामुदायिक सोलर प्लांट स्थापित किया जा रहा है। इस परियोजना के माध्यम से गांव के परिवारों को स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को प्रति माह 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा। यदि किसी परिवार की खपत 200 यूनिट से अधिक होती है, तभी अतिरिक्त बिजली का बिल देना होगा।
ग्रामीणों के अनुसार, एक समय ऐसा था जब यह क्षेत्र नक्सली गतिविधियों के कारण भय के माहौल में रहता था। शाम ढलते ही लोग अपने घरों में सीमित हो जाते थे। अब हालात बदल चुके हैं और शासन की विकास योजनाएं गांव तक पहुंच रही हैं। बिजली जैसी बुनियादी सुविधा मिलने से लोगों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
योजना के तहत गांव के 72 परिवारों को लाभान्वित किया जाना है। इनमें से 50 परिवारों के लिए सौर ऊर्जा प्रणाली का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष 22 परिवारों को जोड़ने का कार्य जारी है। सभी कार्य शासन की योजना के तहत पूर्ण अनुदान (फुल सब्सिडी) के साथ किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों पर किसी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का उद्देश्य केवल लोगों के बिजली बिल में राहत देना ही नहीं, बल्कि सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देकर बिजली उत्पादन को मजबूत करना और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करना भी है। इससे भविष्य में बिजली की उपलब्धता बेहतर होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि सौर ऊर्जा से मिलने वाली बिजली उनके दैनिक जीवन को आसान बना रही है। अब बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य और अन्य आवश्यक गतिविधियां पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो गई हैं। योजना से ग्रामीणों में आत्मविश्वास भी बढ़ा है और वे इसे गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से ठेन्ही गांव में सौर ऊर्जा आधारित विकास की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का एक सफल उदाहरण बनकर सामने आ रही है।