बिलासपुर में चेम्बर का ऐतिहासिक विस्तार, तखतपुर-चकरभाठा में नई इकाइयों का गठन

छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में बिलासपुर प्रवास के दौरान संगठनात्मक विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। तखतपुर और चकरभाठा में नई चेम्बर इकाइयों का गठन किया गया। साथ ही बिलासपुर में ट्रांसपोर्ट चेम्बर और महिला चेम्बर की घोषणा हुई। व्यापारिक समस्याओं, लॉजिस्टिक हब, रेलवे कनेक्टिविटी, थोक बाजार और व्यापार विहार की फ्री-होल्ड प्रक्रिया जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

Oct 4, 2026 - 10:17
Oct 4, 2026 - 10:23
 0  3
बिलासपुर में चेम्बर का ऐतिहासिक विस्तार, तखतपुर-चकरभाठा में नई इकाइयों का गठन

UNITED NEWS OF ASIA. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में चेम्बर के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का बिलासपुर प्रवास संगठनात्मक और व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। प्रवास के दौरान जिले में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

संगठन के विस्तार के तहत बिलासपुर जिले के तखतपुर और चकरभाठा में नवीन चेम्बर इकाइयों का गठन किया गया। तखतपुर इकाई के अध्यक्ष के रूप में राकेश मंदानी और चकरभाठा इकाई के अध्यक्ष के रूप में अशोक जोतवानी को जिम्मेदारी दी गई। चेम्बर प्रतिनिधिमंडल ने दोनों नवनियुक्त अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए व्यापारिक हितों के लिए सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया।

इसके साथ ही बिलासपुर चेम्बर इकाई द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ट्रांसपोर्ट चेम्बर और महिला चेम्बर के गठन की घोषणा की गई। नवदीप लुथरा को ट्रांसपोर्ट चेम्बर का अध्यक्ष तथा प्रेमलता गुप्ता को महिला चेम्बर का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस पहल से परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों और महिला उद्यमियों को संगठनात्मक स्तर पर नई पहचान और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम में भी चेम्बर प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ। कार्यक्रम में सतीश थौरानी का स्वागत एवं सम्मान किया गया। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी और उनकी टीम ने उन्हें स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट किया।
इस दौरान कमल सोनी ने चेम्बर कार्यकारी अध्यक्ष पद से दिए गए अपने इस्तीफे को वापस लेने की जानकारी दी। अब वे बिलासपुर संभाग प्रभारी और चेम्बर कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर यथावत कार्य करेंगे।

सतीश थौरानी ने कहा कि चेम्बर का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक व्यापारी के अधिकारों की रक्षा करना और संगठन को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि तखतपुर और चकरभाठा में नई इकाइयों के गठन के साथ ट्रांसपोर्ट और महिला चेम्बर की शुरुआत से व्यापारिक एकता को नई ऊर्जा मिलेगी।

बैठक में बिलासपुर के व्यापारिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। व्यापार विहार की दुकानों की फ्री-होल्ड प्रक्रिया, थोक बाजार के विकास, रेलवे कनेक्टिविटी, लॉजिस्टिक हब निर्माण, औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार और व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। चेम्बर नेतृत्व ने इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया।

कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी ने कार्यक्रम के दौरान चेम्बर की गतिविधियों की जानकारी दी और व्यापारियों से संगठन से जुड़े रहने की अपील की। वहीं राधाकिशन सुंदरानी ने कहा कि रायपुर और बिलासपुर एकजुट होकर व्यापारिक हितों के लिए आगे भी साथ खड़े रहेंगे।

इस अवसर पर सतीश थौरानी, राजेश वासवानी, राधाकिशन सुंदरानी, कमल सोनी, राजेश गुरुनानी, दिलीप इसरानी, नवदीप सिंह अरोरा, धीरज रोहरा, अभिषेक विधानी, जितेंद्र बड़वानी, अनिल विधानी, भागचंद बजाज, मोहित सराफ, अविनाश आहूजा, नवदीप लुथरा, प्रेमलता गुप्ता सहित चेम्बर पदाधिकारी और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस प्रवास को चेम्बर के संगठनात्मक विस्तार और बिलासपुर के व्यापारिक हितों को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।