UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से कबीरधाम जिले में गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वर्ष 2023 से अब तक जिले में 19 हजार 214 हितग्राहियों को करीब 9 करोड़ रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा चुकी है। योजना का उद्देश्य माताओं को गर्भावस्था के दौरान बेहतर पोषण, स्वास्थ्य जांच और आवश्यक देखभाल के लिए आर्थिक संबल प्रदान करना है।
योजना से मिलने वाली सहायता का उपयोग हितग्राही गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार, दवाइयों और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रहे हैं। इसी योजना का लाभ विकासखंड सहसपुर लोहारा के ग्राम उलट निवासी शीतल धुर्वे ने भी लिया। पहली बार गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने गांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रतिभा सिंह ठाकुर से संपर्क किया। कार्यकर्ता ने उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी देने के साथ गर्भावस्था के दौरान संतुलित खान-पान, नियमित स्वास्थ्य जांच और आवश्यक दवाइयों के सेवन के बारे में मार्गदर्शन दिया।
गर्भावस्था के दौरान शीतल का हीमोग्लोबिन 10.5 ग्राम दर्ज किया गया था। गर्भावस्था के सातवें महीने में उन्हें योजना के तहत पहली किश्त के रूप में 3 हजार रुपये बैंक खाते में प्राप्त हुए। शीतल ने इस राशि का उपयोग फल, दवाइयों और अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री खरीदने में किया। इसके साथ ही उन्होंने नियमित एएनसी जांच कराई, आवश्यक टीकाकरण कराया और आयरन की गोलियों का सेवन किया।
नियमित स्वास्थ्य देखभाल और पोषण पर ध्यान देने के बाद शीतल ने स्वस्थ बच्चे धैर्य कुमार धुर्वे को जन्म दिया। जन्म के समय बच्चे का वजन 3.400 किलोग्राम दर्ज किया गया। बच्चे के जन्म और आवश्यक टीकाकरण के बाद शीतल ने योजना की दूसरी किश्त के लिए आवेदन किया, जिसके बाद उनके खाते में 2 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई। इस राशि का उपयोग उन्होंने अपनी पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए किया।
बच्चे के जन्म के बाद भी शीतल ने उसके स्वास्थ्य और विकास की नियमित निगरानी जारी रखी। वह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के संपर्क में रहीं और बच्चे के वजन एवं वृद्धि की जानकारी लेती रहीं। धैर्य कुमार का वजन 6 माह की आयु में 6.800 किलोग्राम और 8 माह की आयु में 8.300 किलोग्राम दर्ज किया गया। वर्तमान में बच्चा स्वस्थ बताया गया है और उसका विकास सामान्य रूप से हो रहा है।
शीतल नियमित रूप से बच्चे का टीकाकरण करा रही हैं और स्तनपान भी करा रही हैं। उनके लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रही, बल्कि गर्भावस्था से लेकर बच्चे के शुरुआती विकास तक स्वास्थ्य और पोषण संबंधी देखभाल को बेहतर बनाने में सहयोगी बनी। कबीरधाम जिले में योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में माताओं तक आर्थिक सहायता पहुंचने से सुरक्षित मातृत्व और बेहतर पोषण को बढ़ावा मिल रहा है।