प्रधानमंत्री आवास योजना से विश्वासा बाई को मिला पक्का घर, बदली जिंदगी
कबीरधाम जिले की विश्वासा बाई को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्का मकान मिलने से जीवन की परेशानियों से राहत मिली है। अब उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहा है।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने कबीरधाम जिले के ग्राम सेन्हाभाठा की रहने वाली विश्वासा बाई के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। वर्षों तक कच्चे और जर्जर मकान में कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन करने वाली विश्वासा बाई अब अपने पक्के और सुरक्षित घर में सम्मानपूर्वक जीवन जी रही हैं।
पति के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी अकेले संभाल रही विश्वासा बाई मजदूरी कर किसी तरह घर का खर्च चला रही थीं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान बनवाना उनके लिए केवल एक सपना बनकर रह गया था। बरसात के दिनों में टपकती छत, दीवारों में सीलन और घर में भरने वाला पानी परिवार के लिए बड़ी परेशानी बन जाता था। गर्मी और सर्दी में भी कच्चे मकान में रहना सुरक्षित नहीं था।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास प्लस सर्वे में उनके दिवंगत पति का नाम दर्ज होने के बाद ग्राम सभा द्वारा पात्रता तय की गई। इसके बाद उत्तराधिकारी के रूप में वर्ष 2025-26 में विश्वासा बाई को आवास स्वीकृत हुआ। योजना के तहत पहली किश्त के रूप में 40 हजार रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में भेजी गई। ग्राम पंचायत और विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में मकान निर्माण शुरू हुआ। बाद में दूसरी किश्त 55 हजार रुपए और अंतिम किश्त 25 हजार रुपए जारी होने के बाद उनका पक्का मकान पूरी तरह तैयार हो गया।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ-साथ परिवार को अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिया गया है। मनरेगा के तहत आवास निर्माण में 90 दिनों का रोजगार और 23 हजार 490 रुपए मजदूरी दी गई। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन से शौचालय, उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन, नल-जल योजना से पेयजल सुविधा, दीनदयाल योजना से बिजली, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने एक हजार रुपए की सहायता भी मिल रही है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2024-25 और 2025-26 में जिले में कुल 50 हजार 871 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से बड़ी संख्या में हितग्राहियों को किश्तों का भुगतान किया जा चुका है और 32 हजार 740 ग्रामीण परिवार अपने नए पक्के मकानों में गृह प्रवेश कर चुके हैं।
विश्वासा बाई ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहा है। पक्का मकान बनने से समाज में उनका सम्मान बढ़ा है और मौसम की परेशानियों से पूरी तरह राहत मिली है।