सिविल लाइंस सिंधी पंचायत की बैठक में समाजहित और सेवा कार्यों पर जोर
सिविल लाइंस सिंधी पंचायत की कार्यकारिणी बैठक में समाज सेवा, संस्कार और जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में कन्याओं के विवाह सहयोग, छात्रवृत्ति, वृक्षारोपण और सामाजिक गतिविधियों पर सहमति बनी।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l पूज्य सिविल लाइंस सिंधी पंचायत की कार्यकारिणी बैठक सिविल लाइंस क्षेत्र में आयोजित की गई, जिसमें समाजहित, सेवा और संस्कार आधारित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों को सहयोग प्रदान करना और सामाजिक गतिविधियों को मजबूत बनाना रहा।
मीडिया प्रभारी जतिन नचरानी ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पंचायत की किसी भी बैठक अथवा कार्यक्रम में मांस और मदिरा का सेवन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पंचायत ने सामाजिक मर्यादा और संस्कारों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
बैठक में समाज की 11 जरूरतमंद कन्याओं के विवाह में आर्थिक सहयोग और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही 11 जरूरतमंद छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान कर उनकी शिक्षा को बढ़ावा देने की योजना पर भी सहमति बनी। पंचायत पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना संगठन की प्राथमिकता है।
अध्यक्ष संजय जैसिंघ और महासचिव मोहन वर्ल्यानी ने कहा कि पंचायत केवल एक सामाजिक संस्था नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और समाज को एकजुट करने का मजबूत माध्यम है। उन्होंने सभी सदस्यों से समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
बैठक में आगामी सामाजिक गतिविधियों को लेकर भी कई योजनाएं बनाई गईं। जून माह में पारिवारिक पिकनिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि जुलाई माह में वृहद वृक्षारोपण अभियान और औषधीय पौधों का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा पंचायत सदस्यों की पारिवारिक और व्यापारिक जानकारी को शामिल करते हुए डायरेक्टरी प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया।
बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समर कैंप और विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी सहमति बनी। पंचायत का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को जोड़ते हुए सकारात्मक और संस्कारित वातावरण तैयार करना है।
बैठक में संजय जैसिंघ, मोहन वर्ल्यानी, दीपक खेमानी, संजय जादवानी, जीवत बजाज, राजकुमार कोडवानी, सुशील दरीरा, नानक राम रामरख्यानी, शैलेंद्र नैनानी, जय आर्य, आनंद टेकवानी, विशाल नारंग, नरेश पिंजानी, सुंदर नारवानी, चंदन पारवानी और राजेश गिदवानी सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।