रणवीरपुर में ₹65.64 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन, विधायक भावना बोहरा ने ग्रामीण विकास को बताया प्राथमिकता

पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रणवीरपुर में विधायक भावना बोहरा ने ₹65.64 लाख से अधिक के विकास और अधोसंरचना निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में महतारी सदन, सामुदायिक भवन, स्कूल उन्नयन और डिजिटल सुविधा केंद्र जैसे कई कार्यों की शुरुआत की गई।

May 17, 2026 - 18:53
 0  9
रणवीरपुर में ₹65.64 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन, विधायक भावना बोहरा ने ग्रामीण विकास को बताया प्राथमिकता

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार लगातार तेज होती नजर आ रही है। क्षेत्र के ग्राम रणवीरपुर में विधायक भावना बोहरा ने 65 लाख 64 हजार रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और महिला समूहों की सदस्य उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने नव निर्मित महतारी सदन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला के उन्नयन कार्य, बूढ़ादेव मंदिर के सामने सामुदायिक भवन तथा माध्यमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण जैसे कुल 51 लाख 14 हजार रुपये से अधिक के कार्यों का लोकार्पण किया। इसके अलावा 14 लाख 50 हजार रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन, अटल समरसता भवन और अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का भूमिपूजन भी किया गया।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक, शैक्षणिक और डिजिटल सुविधाएं मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा का वातावरण मिलेगा और ग्रामीणों को सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार गांवों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रही है।

महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर विधायक ने कहा कि महतारी सदन महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनेगा। यहां महिलाओं को बैठक, प्रशिक्षण, सामाजिक आयोजनों और स्व सहायता समूहों की गतिविधियों के लिए एक स्थायी मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होती हैं तो परिवार और समाज दोनों मजबूत होते हैं।

भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं के उत्थान और ग्रामीण विकास के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। रणवीरपुर में महतारी सदन का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे महिलाओं को अपने कौशल को विकसित करने और समाज में सक्रिय भागीदारी निभाने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पानी और महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष नरेश साहू, जिला मंत्री राघवेंद्र वर्मा, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि राजेंद्र साहू, सरपंच बीसा नेताम, भारती सिन्हा, मीना पटेल, बसंत बोहरा, राजू पारख, वेदबती खुसरो, सत्यम अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, महिला समूहों की सदस्य और ग्रामीण उपस्थित रहे।