ओरछा ने निको को मात देकर जीता फाइनल खिताब, 10 दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शानदार समापन
छोटेडोंगर में आयोजित 10 दिवसीय टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में अबुझमाड़ ओरछा ने निको सीडीआर टीम को 40 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में 32 टीमों ने भाग लिया और विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. संतोष मजुमदार, नारायणपुर/छोटेडोंगर। जायसवाल निको लिमिटेड एवं आमदई मजदूर संघ के संयुक्त तत्वावधान में छोटेडोंगर में आयोजित 10 दिवसीय टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार को डां. रमन सिंह स्टेडियम में खेला गया। फाइनल मैच अबुझमाड़ ओरछा और निको सीडीआर टीम के बीच हुआ, जिसमें ओरछा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।
टॉस जीतकर ओरछा की टीम ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 10 ओवरों में ओरछा ने 5 विकेट के नुकसान पर 107 रन बनाए और निको टीम को जीत के लिए 108 रनों का लक्ष्य दिया। ओरछा की ओर से ओपनर बल्लेबाज रामलखन दोरपा ने 37 रन और राजेश कश्यप ने 33 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी निको सीडीआर टीम दबाव में नजर आई और 10 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर मात्र 67 रन ही बना सकी। इस तरह ओरछा की टीम ने 40 रनों से फाइनल मुकाबला जीतकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
गौरतलब है कि यह प्रतियोगिता आमदई माइंस में दो वर्ष पूर्व नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए आईईडी विस्फोट में शहीद हुए मजदूर रिवेश नाग, श्रवण नाग और दिलीप बघेल की स्मृति में आयोजित की जा रही है। पिछले दो वर्षों से जायसवाल निको कंपनी द्वारा यह आयोजन लगातार किया जा रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष संध्या पवार तथा विशिष्ट अतिथि दीपक सेमल्टी और निको कंपनी के महाप्रबंधक एच.एन. झा ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। विजेता टीम ओरछा को 30 हजार रुपये का चेक और ट्रॉफी, उपविजेता निको टीम को 20 हजार रुपये का चेक और ट्रॉफी दी गई। तीसरे स्थान पर रही आयुष्मान आईटीबीपी टीम को 10 हजार रुपये तथा चौथे स्थान पर रही बड़गांव टीम को 5 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में रामलखन दोरपा को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज चुना गया, वहीं निको टीम के गेंदबाज शैलेंद्र बेलसारिया को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार मिला।
इस अवसर पर आयुष्मान आईटीबीपी टीम ने अनोखी पहल करते हुए तीसरे स्थान पर मिली 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि जाटलूर और मड़ागढ़ा टीमों को देने की घोषणा की, जिसकी ग्रामीणों ने जमकर सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और खेल प्रेमी दर्शक उपस्थित रहे।