परीक्षा अव्यवस्था पर NSUI का हल्ला बोल, पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय का किया घेराव
बिलासपुर में NSUI ने पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था में कथित अव्यवस्था और छात्रों की समस्याओं को लेकर घेराव किया। संगठन ने परीक्षा केंद्र, प्रवेश पत्र और संपर्क व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल सुधार की मांग की।
UNITED NEWS OF ASIA. विशु तिवारी, बिलासपुर l परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) ने शनिवार को पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और NSUI कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में तत्काल सुधार की मांग की।
NSUI का आरोप है कि विश्वविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। संगठन के अनुसार, छात्रों ने कुलपति से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखने का प्रयास किया, लेकिन कुलपति उनसे मिलने बाहर नहीं आए। इससे विद्यार्थियों में नाराजगी और बढ़ गई।
NSUI के बेलतरा विधानसभा अध्यक्ष विक्की यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा आवेदन पत्र में संपर्क के लिए जारी किया गया मोबाइल नंबर पिछले लगभग तीन माह से बंद है। वहीं, विद्यार्थियों की सहायता के लिए उपलब्ध कराई गई ई-मेल आईडी भी सही तरीके से कार्य नहीं कर रही है। इसके कारण छात्रों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार परेशान होना पड़ रहा है।
संगठन ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण पर भी सवाल उठाए। बताया गया कि पूर्व में विश्वविद्यालय की परीक्षाएं जिला स्तर पर आयोजित होती थीं, लेकिन इस बार बिना किसी स्पष्ट कारण के परीक्षा संभाग स्तर पर आयोजित की गई। जब इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन से जानकारी मांगी गई तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
NSUI ने यह भी आरोप लगाया कि परीक्षा के प्रवेश पत्र सामान्यतः परीक्षा से लगभग 15 दिन पहले जारी किए जाने चाहिए थे, लेकिन इस बार प्रवेश पत्र परीक्षा शुरू होने से केवल चार दिन पहले जारी किए गए। इससे दूर-दराज के विद्यार्थियों को यात्रा और अन्य व्यवस्थाएं करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
विद्यार्थियों का कहना है कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के दौरान उन्हें अपनी सुविधा के अनुसार जिले का परीक्षा केंद्र चुनने का विकल्प दिया गया था। इसके बावजूद बाद में उन्हें दूसरे जिले और दूसरे संभाग में परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिए गए। इससे विशेष रूप से बस्तर और अन्य दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आर्थिक और परिवहन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई विद्यार्थियों के परीक्षा से वंचित रहने की आशंका भी जताई गई।
NSUI ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि परीक्षा केंद्रों का पुनर्निर्धारण किया जाए, संपर्क व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और विद्यार्थियों की सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। संगठन का कहना है कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र किया जाएगा।
प्रदर्शन में बेलतरा विधानसभा अध्यक्ष विक्की यादव, बिलासपुर विश्वविद्यालय अध्यक्ष हँसपाल, उपाध्यक्ष अवनीश पांडेय, शुभम जायसवाल, लक्कू, सोल्जर, सुदेश्वर, बलराम, अरुण, गौतम यादव और स्पर्श श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और NSUI कार्यकर्ता मौजूद रहे। विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।