सड़क सुरक्षा को लेकर जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी ने उठाई आवाज, तेज रफ्तार ट्रकों पर कार्रवाई की मांग

नारायणपुर-छोटेडोंगर क्षेत्र में माइंस से जुड़े भारी वाहनों की बढ़ती आवाजाही और सिंगल सड़क के कारण दुर्घटना के खतरे को लेकर जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी ने चिंता जताई है। उन्होंने ट्रक चालकों की नियमित जांच, शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई, सड़क चौड़ीकरण और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। साथ ही तेज रफ्तार या लापरवाही से वाहन चलाने वालों की सूचना देने की अपील की है।

Oct 7, 2026 - 16:24
 0  25
सड़क सुरक्षा को लेकर जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी ने उठाई आवाज, तेज रफ्तार ट्रकों पर कार्रवाई की मांग

UNITED NEWS OF ASIA. संतोष मजुमदार, नारायणपुर l नारायणपुर/छोटेडोंगर क्षेत्र में माइंस से जुड़े भारी वाहनों की लगातार बढ़ती आवाजाही और कई मार्गों के सिंगल होने के कारण सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस मुद्दे को लेकर जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी ने आवाज उठाते हुए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में ट्रक, मोटरसाइकिल, बस और अन्य वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जबकि कई स्थानों पर सड़क की चौड़ाई इतनी कम है कि आमने-सामने से बड़े वाहन आने पर सुरक्षित तरीके से साइड देने में परेशानी होती है। ऐसी स्थिति में हर समय सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

राकेश उसेंडी ने कहा कि माइंस क्षेत्र से आने-जाने वाले भारी वाहनों के कारण सड़क पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में सड़क सुरक्षा के लिए केवल वाहन चालकों को जिम्मेदार मानना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि प्रशासन, पुलिस, माइंस कंपनियों और ट्रांसपोर्टरों को मिलकर व्यवस्था मजबूत करनी होगी। उन्होंने मांग की कि जिन मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक है, उनका सर्वे कराया जाए और जरूरत के अनुसार सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाए। इसके अलावा ऐसे स्थानों पर साइडिंग या पासिंग पॉइंट बनाए जाएं, जहां दो बड़े वाहनों को एक-दूसरे से सुरक्षित तरीके से निकलने में परेशानी होती है।

उन्होंने माइंस क्षेत्र से चलने वाले ट्रकों के चालकों की नियमित जांच की मांग भी की। राकेश उसेंडी के अनुसार यदि कोई चालक शराब के नशे में वाहन चलाता पाया जाता है तो ब्रेथ एनालाइजर जैसी मशीन से तत्काल जांच की जानी चाहिए और नियमों के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना है कि समय रहते इस तरह की जांच और कार्रवाई होने से गंभीर सड़क हादसों को रोकने में मदद मिल सकती है।

राकेश उसेंडी ने दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों के इलाज और मुआवजे की व्यवस्था को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यदि किसी ट्रक से दुर्घटना होती है और कोई व्यक्ति घायल होता है तो उसके तत्काल और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। साथ ही संबंधित माइंस कंपनी और ट्रांसपोर्टर से दुर्घटना पीड़ितों के उपचार के लिए आवश्यक आर्थिक सहयोग की व्यवस्था कराने की मांग की। दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी बात कही।

जिला पंचायत सदस्य ने आम लोगों से भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से मोटरसाइकिल चालकों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने का आग्रह किया। उनका कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक वाहन चालक को अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए।

राकेश उसेंडी ने ग्रामीणों और आम नागरिकों से अपील की कि यदि कोई ट्रक या बस चालक अत्यधिक तेज रफ्तार से वाहन चलाता है, लापरवाही करता है या लोगों की जान को खतरे में डालता है, तो इसकी सूचना तत्काल दी जाए। उन्होंने उपलब्ध कराए गए संपर्क नंबर 9770405516 और 9406102457 पर सूचना देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर संबंधित मामले को प्रशासन और पुलिस के संज्ञान में लाकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।
राकेश उसेंडी ने कहा कि क्षेत्र के विकास और खनिज परिवहन की अपनी आवश्यकता है, लेकिन आम जनता की सुरक्षा की कीमत पर ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन, पुलिस, माइंस कंपनियों, ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों से मिलकर ऐसी व्यवस्था बनाने की मांग की, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी रूप से रोक लगाई जा सके।