पिनगुंडा नाला पुलिया बनी ओरछा क्षेत्र के विकास की नई राह
नारायणपुर जिले के ओरछा क्षेत्र में पिनगुंडा नाला पर लगभग 2.58 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बॉक्स ब्रिज के शुरू होने से वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या दूर हो गई है। अब बारिश के मौसम में भी नारायणपुर और ओरछा के बीच संपर्क बना रहेगा, जिससे स्वास्थ्य, शिक्षा, व्यापार और प्रशासनिक सेवाओं को नई गति मिलेगी।
UNITED NEWS OF ASIA. संतोष मजुमदार, नारायणपुर l नारायणपुर जिले के ओरछा क्षेत्र के लोगों के लिए पिनगुंडा नाला पर निर्मित नई पुलिया वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान बनकर सामने आई है। लंबे समय से बारिश के मौसम में इस क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नाले में पानी बढ़ने के कारण नारायणपुर और ओरछा के बीच संपर्क पूरी तरह टूट जाता था, जिससे हजारों ग्रामीण प्रभावित होते थे। अब पुलिया के निर्माण के बाद यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो गई है।