नगर पंचायत की सख्त कार्रवाई: अटल परिसर का टेंडर रद्द, अधूरे कार्यों को 7 दिन का अल्टीमेटम
नगर पंचायत की पीआईसी बैठक में विकास कार्यों में देरी पर कड़ा रुख अपनाते हुए अटल परिसर व बाल उद्यान का टेंडर रद्द कर दिया गया। अधूरे निर्माण कार्यों के ठेकेदारों को 7 दिन में काम शुरू करने का नोटिस दिया गया। बैठक में कुल 12 विषयों पर स्वीकृति और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. परस साहू, बालोद | नगर पंचायत, छत्तीसगढ़। नगर पंचायत कार्यालय में सोमवार को अध्यक्ष प्रमोद जैन की अध्यक्षता में परियोजना क्रियान्वयन समिति (PIC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर के विकास कार्यों की सुस्त गति पर कड़ा रुख अपनाते हुए कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में सीएमओ किरण पटेल, सब इंजीनियर रूपेश राठिया, लेखापाल श्रवण कुमार निर्मलकर, तथा पार्षद सदस्य हरीश निषाद, संतोष नेताम, हेमंत सोनकर और शैल महोबिया मौजूद रहे।
बैठक में सबसे बड़ा फैसला अटल परिसर और बाल उद्यान से जुड़े निर्माण कार्यों पर लिया गया। अध्यक्ष प्रमोद जैन ने बताया कि ठेकेदार नलिनी मिश्रा को दिए गए दोनों कार्य समय पर पूरे नहीं हो पाए, जिसके बाद उनकी लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए टेंडर अनुबंध को तत्काल निरस्त कर दिया गया है। नगर पंचायत जल्द ही इन कार्यों के लिए नया टेंडर जारी करेगी।
इसके अलावा तीन अपूर्ण निर्माण कार्यों—बघमरा मुक्तिधाम, वार्ड नंबर 8 में सतनाम भवन, तथा वार्ड नंबर 1 में सिंचाई विभाग अर्जुन्दा रोड पर कल्वर्ट निर्माण—को लेकर संबंधित ठेकेदारों को 7 दिनों के भीतर काम शुरू करने का नोटिस दिया गया है। अध्यक्ष जैन ने स्पष्ट कहा कि नगर विकास कार्यों में अब किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पीआईसी बैठक में 12 महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई और कई बिंदुओं को स्वीकृति मिली। इन विषयों में कार्यालय उपयोग हेतु अलमारी क्रय, विभिन्न निर्माण कार्यों की निविदा दर स्वीकृति, स्वच्छता सामग्री एवं विद्युत उपकरण क्रय, पानी टंकी सफाई के लिए अभिरुचि की दर स्वीकृति, प्लेसमेंट कर्मचारियों हेतु नए प्रस्ताव, जल उपकरण मरम्मत सामग्री क्रय, अटल परिसर निर्माण निविदा निरस्तीकरण, अध्यक्ष-पार्षद निधि 2025-26 के अंतर्गत सामग्री क्रय, वार्ड क्रमांक 12 के बाल उद्यान की पुरानी निविदा निरस्त करने सहित राम जानकी मंदिर निर्माण का प्रस्ताव शामिल था। इसके साथ ही 55 लाख रुपए लागत से सोनकर, साहू और मुस्लिम समाज के भवन निर्माण प्रस्ताव तथा 52 लाख के फुटपाथ स्थल परिवर्तन को लेकर शासन को पत्र भेजने पर भी विचार हुआ।
अध्यक्ष प्रमोद जैन ने बैठक के अंत में कहा कि नगर पंचायत अब गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करेगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई होगी।