महापौर मीनल चौबे ने स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की समीक्षा की, शौचालय निर्माण और कचरा प्रबंधन में तेजी के निर्देश
रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए आकांक्षीय शौचालयों का निर्माण तेजी से पूरा कराने, लंबित प्रस्तावों को शीघ्र शासन को भेजने और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने घर-घर कचरा पृथकीकरण के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने और वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय करने पर भी जोर दिया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम मुख्यालय में स्वच्छ भारत मिशन शाखा के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
महापौर मीनल चौबे ने स्वच्छ भारत मिशन शाखा के कार्यपालन अभियंता एवं नोडल अधिकारी योगेश कडु को आकांक्षीय शौचालयों के निर्माण कार्यों में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए शौचालयों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर जनसुविधा उपलब्ध हो सके।
महापौर ने स्वच्छ भारत मिशन से संबंधित लंबित प्रस्तावों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रस्तावों को शीघ्र तैयार कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए राज्य शासन को स्वीकृति के लिए भेजा जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं से जुड़े प्रस्तावों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और संबंधित अधिकारी समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान महापौर ने नगर निगम क्षेत्र में कचरा प्रबंधन और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने रामकी कंपनी के कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र में शत-प्रतिशत एरिया कवर करते हुए घर-घर से कचरा संग्रहण का कार्य प्रभावी तरीके से कराया जाए। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कचरा संग्रहण की नियमित निगरानी और कमियों को तत्काल दूर करने पर जोर दिया।
मीनल चौबे ने घर-घर कचरा पृथकीकरण को भी प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को गीले और सूखे कचरे के पृथकीकरण के प्रति जागरूक करने के लिए जोन स्तर पर सघन जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। इस कार्य में वार्ड पार्षदों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
महापौर ने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। घर से ही कचरे का पृथकीकरण होने से कचरा प्रबंधन की पूरी व्यवस्था अधिक प्रभावी बनाई जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों को जनजागरूकता गतिविधियों को लगातार संचालित करने और स्वच्छता संबंधी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन शाखा की उप अभियंता कृष्णा राठी, संस्कार शर्मा, विषय विशेषज्ञ प्रणीत चोपड़ा और सूरज चंद्राकर उपस्थित रहे। महापौर ने संबंधित अधिकारियों से स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की नियमित समीक्षा और प्रगति की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।