मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, मेडिकल कॉलेज से आधुनिक जांच सुविधाओं तक विकास को नई गति
छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। मेडिकल कॉलेज में 50 सीटों का प्रवेश सत्र शुरू होने, 220 बिस्तरीय अस्पताल के अस्थायी संचालन, चिरमिरी में सीटी स्कैन सुविधा, मनेन्द्रगढ़ और चिरमिरी में डायलिसिस केंद्रों तथा अटल आरोग्य लैब के संचालन से स्थानीय नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। जनकपुर में 100 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के संचालन और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य संस्थानों के विस्तार से दूरस्थ इलाकों के लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से जिले की स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
UNITED NEWS OF ASIA. एमसीबी l छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से चिकित्सा सुविधाओं को नई दिशा मिल रही है। मेडिकल कॉलेज की शुरुआत, आधुनिक अस्पतालों का संचालन, सीटी स्कैन, डायलिसिस केंद्र और अटल आरोग्य लैब जैसी सुविधाओं के माध्यम से स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से जिले की स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों के नागरिकों को भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
मेडिकल कॉलेज और अस्पताल सुविधाओं का विस्तार
मनेन्द्रगढ़ में 50 सीटों वाले मेडिकल कॉलेज का प्रवेश सत्र प्रारंभ होना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिलेंगे और भविष्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने की संभावनाएं विकसित होंगी। वहीं, मनेन्द्रगढ़ में 220 बिस्तरीय अस्पताल का अस्थायी संचालन शुरू किया गया है। चिरमिरी में जिला अस्पताल का अस्थायी संचालन प्रारंभ हो चुका है और नए भवन का निर्माण कार्य जारी है। चिरमिरी में डॉक्टर कॉलोनी तथा ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण भी कराया जा रहा है, जिससे चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आवासीय सुविधाएं मजबूत होंगी।
आधुनिक जांच और गंभीर बीमारियों के उपचार की सुविधा
चिरमिरी जिला अस्पताल में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित सीटी स्कैन मशीन का संचालन शुरू हो गया है। इससे दुर्घटनाओं, सिर की चोट और अन्य जटिल बीमारियों की जांच स्थानीय स्तर पर कराने में मदद मिलेगी। मनेन्द्रगढ़ और चिरमिरी में डायलिसिस केंद्र शुरू होने से किडनी रोगियों को नियमित उपचार के लिए दूरस्थ शहरों की यात्रा करने की परेशानी कम होगी। दोनों शहरों में अटल आरोग्य लैब और ब्लड कलेक्शन की व्यवस्था भी शुरू की गई है, जिससे आवश्यक स्वास्थ्य जांच की उपलब्धता बढ़ रही है।
ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं
जनकपुर में 100 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन शुरू होने से भरतपुर विकासखंड के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर उपचार सुविधाएं मिल रही हैं। खड़गवां में स्वास्थ्य भवन का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि कोरिया कॉलरी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का अस्थायी संचालन और जरौंधा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की शुरुआत की गई है। खड़गवां में प्रस्तावित 100 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। चिरमिरी में फिजियोथेरेपी कक्ष का निर्माण भी प्रगति पर है।
सेवा संकल्प अभियान से हजारों नागरिकों को लाभ
सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत चिरमिरी के मंगल भवन, पोड़ी में आयोजित दो दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप में कुल 4,573 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में रक्त जांच, निःशुल्क दवा वितरण, आयुष्मान कार्ड निर्माण और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों तथा जिला प्रशासन के समन्वय से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने पर जोर दिया जा रहा है। कलेक्टर संतन देवी जांगड़े के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के समन्वय से इन प्रयासों को आगे बढ़ाया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज, आधुनिक जांच सुविधाओं और ग्रामीण स्वास्थ्य संस्थानों का विस्तार जिले में बेहतर चिकित्सा सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।