70 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी भी जब्त

सरायपाली में पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में 70 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई।

Mar 24, 2026 - 16:47
 0  2
70 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी भी जब्त

UNITED NEWS OF ASIA. जगदीश पटेल, सरायपाली पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायपाली पुलिस एवं एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में 70 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम नानकपाली निवासी दो व्यक्ति काले रंग की बिना नंबर वाली टीवीएस जुपिटर स्कूटी में भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब लेकर बिक्री के उद्देश्य से ग्राम अर्जुंदा की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम माधोपली-कुटेला रोड के पास घेराबंदी कर संदिग्धों का इंतजार किया।

कुछ ही देर में बताए गए हुलिए के अनुसार दो व्यक्ति स्कूटी में आते हुए दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस टीम ने रोककर पूछताछ की। चालक ने अपना नाम दीपक भोई (26 वर्ष) पिता लिंगराज भोई तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम तेज कुमार भोई (23 वर्ष) पिता सारथी भोई, निवासी ग्राम नानकपाली थाना सरायपाली बताया।

संदेह के आधार पर पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में आरोपियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी में रखे दो सफेद प्लास्टिक बोरे बरामद हुए, जिनमें पारदर्शी झिल्ली के अंदर कुल 70 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब भरी हुई थी। प्रत्येक बोरे में 35-35 लीटर शराब रखी गई थी।

पुलिस ने मौके पर ही अवैध शराब को जब्त करते हुए बरामदगी पंचनामा तैयार किया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 14 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा परिवहन में प्रयुक्त टीवीएस जुपिटर स्कूटी, जिसकी कीमत लगभग 95 हजार रुपये बताई जा रही है, को भी जब्त किया गया। इस प्रकार कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 1 लाख 9 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सरायपाली में अपराध क्रमांक 100/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

इस पूरी कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सरायपाली के निर्देशन में थाना सरायपाली पुलिस स्टाफ एवं एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अवैध शराब, नशीले पदार्थों और गांजा तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत अंतरराज्यीय सीमाओं और संभावित मार्गों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।