विधायक नीलकंठ टेकाम ने विधानसभा में उठाया बेडडोंगर-कोनगुड मार्ग की बदहाली का मुद्दा

कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक स्थित बेडडोंगर-कोनगुड मार्ग की जर्जर स्थिति का मुद्दा विधायक नीलकंठ टेकाम ने विधानसभा के मानसून सत्र में उठाया। इस पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने मामले की जांच कराकर जल्द सड़क के नवीनीकरण की स्वीकृति देने का आश्वासन दिया।

Jul 15, 2026 - 17:36
 0  6
विधायक नीलकंठ टेकाम ने विधानसभा में उठाया बेडडोंगर-कोनगुड मार्ग की बदहाली का मुद्दा

UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव l कोंडागांव जिले के फरसगांव विकासखंड अंतर्गत बेडडोंगर से कोनगुड तक जाने वाले मार्ग की वर्षों पुरानी जर्जर स्थिति का मुद्दा विधानसभा के मानसून सत्र में प्रमुखता से उठाया गया। क्षेत्रीय विधायक नीलकंठ टेकाम ने सड़क की बदहाल स्थिति और इससे ग्रामीणों को हो रही परेशानियों को सदन के सामने रखते हुए तत्काल नवीनीकरण की मांग की। इस पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने मामले की जांच कराने और जल्द ही सड़क के नवीनीकरण की स्वीकृति देने का आश्वासन दिया।

विधानसभा में विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि बेडडोंगर-कोनगुड मार्ग लंबे समय से अत्यंत खराब स्थिति में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण और मरम्मत के लिए कई बार संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजे गए और पत्राचार भी किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने सदन में यह भी बताया कि इस मार्ग के नवीनीकरण के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ कई बार चर्चा की गई। यहां तक कि इंजीनियर-इन-चीफ (ईएनसी) स्तर पर भी विषय उठाया गया, लेकिन सड़क निर्माण को अब तक स्वीकृति नहीं मिल सकी। इससे क्षेत्र के लोगों में लगातार नाराजगी बनी हुई है।

विधायक ने कहा कि यह मार्ग केवल स्थानीय ग्रामीणों के लिए ही नहीं, बल्कि औद्योगिक गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। नारायणपुर क्षेत्र से निकलने वाले लौह अयस्क से लदे भारी मालवाहक ट्रकों का प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन होता है। लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क की स्थिति और अधिक खराब होती जा रही है। इसका असर आसपास के लगभग 200 से अधिक गांवों के लोगों पर पड़ रहा है, जिन्हें रोजमर्रा के कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और बाजार तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने सदन में कहा कि इस सड़क की स्थिति की तत्काल जांच कराई जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच पूरी होने के बाद जल्द ही सड़क के नवीनीकरण की स्वीकृति देने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके।

विधानसभा में इस महत्वपूर्ण जनसमस्या को उठाए जाने के बाद क्षेत्रवासियों ने विधायक नीलकंठ टेकाम की पहल का स्वागत किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस सड़क के सुधार की मांग की जा रही थी, लेकिन अब विधानसभा में मामला उठने और सरकार की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद समाधान की उम्मीद बढ़ गई है। ग्रामीणों को विश्वास है कि बेडडोंगर-कोनगुड मार्ग का नवीनीकरण जल्द शुरू होगा, जिससे आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।