मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने नगरी में विकास कार्यों का लिया जायजा, छात्राओं के साथ किया मध्यान्ह भोजन

धमतरी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने नगरी विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के साथ मध्यान्ह भोजन कर उसकी गुणवत्ता परखी तथा अधिकारियों को योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

Jul 15, 2026 - 17:32
 0  4
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने नगरी में विकास कार्यों का लिया जायजा, छात्राओं के साथ किया मध्यान्ह भोजन

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l धमतरी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने नगरी विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का व्यापक भ्रमण कर विकास कार्यों एवं केंद्र तथा राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की प्रगति का आकलन करना, सेवा प्रदाय व्यवस्था की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का प्रत्यक्ष मूल्यांकन करना था।

दौरे के दौरान उन्होंने शासकीय माध्यमिक शाला बोड़रा पहुंचकर छात्राओं के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता का स्वयं परीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों को दिए जा रहे भोजन, स्वच्छता और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने ग्राम सियादेही स्थित लइका घर का निरीक्षण कर बच्चों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक और पोषण संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। ग्राम पिपराहीभर्री के मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार, स्वच्छता, खेल सामग्री और शिक्षण गतिविधियों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने नगरी स्थित मॉडल लाइब्रेरी एवं को-वर्किंग स्पेस का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं को उपलब्ध कराए जा रहे डिजिटल संसाधनों, अध्ययन सुविधाओं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विकसित वातावरण की जानकारी ली। उन्होंने इन सुविधाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने और युवाओं को इससे जोड़ने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शासकीय माध्यमिक विद्यालय बोड़रा, खल्लारी और मसानडबरा में जनमन मॉडल आवास तथा 37 आवासीय कॉलोनी का भी जायजा लिया। उन्होंने आवासीय परिसरों में स्वच्छता, पेयजल, रखरखाव और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए, ताकि हितग्राहियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

ग्राम सांकरा में उन्होंने मॉडल लाइब्रेरी, समर्थ पोर्टल, पंचायत कार्यालय और मखाना उत्पादन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत स्तर पर अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, डिजिटल सेवाओं के प्रभावी संचालन, शासन की योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग तथा आजीविका संवर्धन गतिविधियों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के समापन पर जयंत नाहटा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचे। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग, जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और हितग्राही केंद्रित कार्यसंस्कृति अपनाने पर बल देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों का प्रभाव तभी दिखाई देगा, जब योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी जवाबदेही और गुणवत्ता के साथ किया जाएगा।