23 अगस्त को रायपुर में उमड़ेगा शिवभक्ति का जनसैलाब, 10 हजार कांवड़िये करेंगे बाबा हटकेश्वरनाथ का जलाभिषेक

रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में लगातार आठवें वर्ष विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन 23 अगस्त को किया जाएगा। मारुति मंगलम गुढ़ियारी से सुबह 9 बजे शुरू होने वाली यात्रा महादेव घाट स्थित बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां करीब 10 हजार कांवड़िये जलाभिषेक करेंगे। आयोजन में देशभर के धार्मिक एवं सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। करीब 500 वालंटियर यात्रा की व्यवस्थाएं संभालेंगे।

Aug 21, 2026 - 10:07
 0  3
23 अगस्त को रायपुर में उमड़ेगा शिवभक्ति का जनसैलाब, 10 हजार कांवड़िये करेंगे बाबा हटकेश्वरनाथ का जलाभिषेक

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l राजधानी रायपुर 23 अगस्त को आस्था, अध्यात्म, शिवभक्ति और भारतीय संस्कृति के विराट संगम का साक्षी बनेगा। रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में लगातार आठवें वर्ष विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा की शुरुआत 23 अगस्त को सुबह 9 बजे मारुति मंगलम, गुढ़ियारी से होगी और कांवड़िये महादेव घाट स्थित बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे। यात्रा से पहले सुबह 8 बजे मारुति मंगलम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और दिव्य शिवाभिषेक का आयोजन होगा।

इस वर्ष करीब 10 हजार शिवभक्तों के कांवड़ यात्रा में शामिल होने की तैयारी की गई है। कांवड़िये एक समान परिधान में अनुशासित तरीके से यात्रा में शामिल होंगे और हर-हर महादेव तथा बोल बम के जयघोष के साथ बाबा हटकेश्वरनाथ की ओर प्रस्थान करेंगे। श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना करेंगे। आयोजन को व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए करीब 500 वालंटियर विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।

कांवड़ यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजेश मूणत सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने यात्रा की तैयारियों, व्यवस्थाओं और व्यापक जनसहभागिता को लेकर चर्चा की। कार्यकर्ताओं को श्रद्धालुओं की सुविधा, यात्रा संचालन, अनुशासन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।

इस बार कांवड़ यात्रा को धार्मिक आस्था के साथ देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं के प्रदर्शन का मंच भी बनाया गया है। यात्रा में उत्तर प्रदेश की महाकाल-अघोरी और महाकाली टीम, दिल्ली की महाकाल अघोरी टीम के साथ विशाल नंदी, केरल का भारत नाट्यम, ट्रेडिशनल बैंड और पारंपरिक नृत्य, उज्जैन की डमरू महाकाल सवारी, महाराष्ट्र का नागपुर ढोल, खड़गपुर की मां काली टीम और ओडिशा के पारंपरिक दल विशेष आकर्षण रहेंगे।

छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की झलक भी यात्रा में देखने को मिलेगी। अंबिकापुर और कोरबा की अघोरी टीम, बेंद्री के लोक कलाकारों द्वारा शिव परिवार की प्रस्तुति, दुर्ग और भिलाई के धुमाल दल, रायपुर की राधा रानी धुमाल तथा महाकाल-अघोरी टीम अपनी प्रस्तुतियां देंगी। यात्रा में शिव परिवार, राम-सीता, हनुमान वानर सेना, मुकुट हनुमान, बाहुबली हनुमान, परशुराम, जामवंत, गणेश, सुग्रीव, भोलेबाबा और महाकाल सहित विभिन्न धार्मिक झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

राम-सीता दरबार, शिव परिवार, 11 घोड़े, दो बग्घियां, लाइव सिंगिंग और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां यात्रा की भव्यता को और बढ़ाएंगी। इस तरह कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ देश की विभिन्न सांस्कृतिक और लोक परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन भी करेगी।

राजेश मूणत ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में रायपुर की जनता और शिवभक्तों ने जिस आत्मीयता के साथ कांवड़ यात्रा को अपनाया है, उससे यह आयोजन एक बड़े धार्मिक जनउत्सव के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि कांवड़ उठाना भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा, साधना और समर्पण की अभिव्यक्ति है। उनका प्रयास है कि यात्रा के माध्यम से आस्था के साथ भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और लोक परंपराओं की सुंदर झलक भी देखने को मिले।

उन्होंने कहा कि करीब 10 हजार शिवभक्त जब एक समान परिधान में कांवड़ लेकर हर-हर महादेव और बोल बम के उद्घोष के साथ बाबा हटकेश्वरनाथ की ओर बढ़ेंगे, तो राजधानी का वातावरण शिवमय हो जाएगा। देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले धार्मिक और सांस्कृतिक दल इस आयोजन को विशेष स्वरूप प्रदान करेंगे। उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से प्रत्येक शिवभक्त की सुविधा का ध्यान रखते हुए यात्रा को अनुशासित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कांवड़ यात्रा में भाजपा रायपुर शहर जिला, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चा और प्रकोष्ठों की व्यापक सहभागिता रहेगी। संगठन स्तर पर कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। बैठक में भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, विधायक सुनील सोनी, छगन मूंदड़ा, महापौर मीनल चौबे, महिला आयोग अध्यक्ष ममता साहू, लौह अयस्क आयोग अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, किशोर महानंद, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा सहित अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। 23 अगस्त की सुबह मारुति मंगलम, गुढ़ियारी में पूजा-अर्चना के बाद जब हजारों शिवभक्त कांवड़ लेकर बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए निकलेंगे, तब हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से राजधानी रायपुर शिवभक्ति से गूंज उठेगी।