कवर्धा में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ

कवर्धा के स्वामी करपात्री स्टेडियम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। 13 से 16 अक्टूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के पांच जोन के 440 खिलाड़ी वॉलीबाल, सॉफ्टबाल और हैंडबाल में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। विजय शर्मा ने खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और समर्पण से सफलता हासिल करने का संदेश दिया।

Oct 14, 2026 - 07:48
 0  2
कवर्धा में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ

UNITED  NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में खेल भावना, अनुशासन और उत्साह के बीच 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कवर्धा के स्वामी करपात्री स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

उद्घाटन समारोह के दौरान खेल ध्वज फहराया गया और प्रदेश के विभिन्न जोनों से पहुंचे खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। खिलाड़ियों ने अनुशासन, एकता और खेल भावना का परिचय देते हुए प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का संकल्प लिया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि मेहनत, लगन और समर्पण से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि खेल को पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ खेलना चाहिए। हार और जीत हमेशा खिलाड़ी के हाथ में नहीं होती, इसलिए परिणाम की चिंता करने के बजाय अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर ध्यान देना आवश्यक है। खिलाड़ी का खेल ऐसा होना चाहिए कि दर्शक उसकी प्रतिभा देखकर तालियां बजाने पर मजबूर हो जाएं।

विजय शर्मा ने कहा कि सफलता का कोई अलग मंत्र नहीं होता। निरंतर अभ्यास, कठिन परिश्रम और समर्पण ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने कहा कि मेहनत से सफलता मिलती है और सफलता से समाज में सम्मान प्राप्त होता है। खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। खेल केवल जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है।
उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पांचों जोन से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए विशेष रूप से बस्तर, अबूझमाड़, सुकमा और बीजापुर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे युवा खिलाड़ियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवा नक्सलवाद की चुनौतियों को पीछे छोड़कर खेल और शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ रहे हैं। उनकी प्रतिभा आने वाले समय में प्रदेश और देश को नई पहचान दिला सकती है।

जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग कबीरधाम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह चार दिवसीय प्रतियोगिता 13 से 16 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। इसमें बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर, रायपुर और दुर्ग जोन के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 220 बालक और 220 बालिका खिलाड़ी शामिल हैं। इस प्रकार कुल 440 खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता के अंतर्गत 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए वॉलीबाल तथा 19 वर्ष आयु वर्ग के लिए सॉफ्टबाल और हैंडबाल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन मुकाबलों में खिलाड़ी टीम भावना, तकनीकी कौशल और खेल अनुशासन का परिचय देंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

उद्घाटन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका परिषद कवर्धा अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी, पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण सदस्य भगत पटेल, जनपद पंचायत कवर्धा अध्यक्ष सुषमा गणपत बघेल, विजय पटेल, संतोष पटेल, मनीराम, लोकचंद साहू, उमंग पांडेय और जिला शिक्षा अधिकारी एफआर वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।