कवर्धा में आज राष्ट्रोत्कर्ष दिवस का आयोजन, गोसेवा और संकीर्तन से मनाया जाएगा शंकराचार्य का प्राकट्य महोत्सव

कवर्धा में आदित्य वाहिनी द्वारा स्वामी निश्चलानंद सरस्वती के 84वें प्राकट्य दिवस पर राष्ट्रोत्कर्ष दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम के तहत गौशाला में गोसेवा, पंचमुखी बुढ़ा महादेव मंदिर में संकीर्तन, हनुमान चालीसा पाठ, संगोष्ठी और प्रसाद वितरण का आयोजन होगा।

Jul 12, 2026 - 12:27
 0  2
कवर्धा में आज राष्ट्रोत्कर्ष दिवस का आयोजन, गोसेवा और संकीर्तन से मनाया जाएगा शंकराचार्य का प्राकट्य महोत्सव

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले में आदित्य वाहिनी, आनंद वाहिनी एवं पीठ परिषद के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को राष्ट्रोत्कर्ष दिवस का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन गोवर्धन मठ पुरी पीठाधीश्वर स्वामी निश्चलानंद सरस्वती के 84वें प्राकट्य महोत्सव के अवसर पर किया जा रहा है। इस अवसर पर गोसेवा, भगवन्नाम संकीर्तन, हनुमान चालीसा पाठ, संगोष्ठी और प्रसाद वितरण जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

आदित्य वाहिनी के अनुसार आषाढ़ कृष्ण त्रयोदशी के दिन स्वामी निश्चलानंद सरस्वती का दिव्य अवतरण हुआ था। इसी अवसर को देशभर में राष्ट्रोत्कर्ष दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति जनजागरण के साथ सनातन परंपराओं को सशक्त बनाना है।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे स्थानीय गौशाला में गोसेवा से होगी। आदित्य वाहिनी और आनंद वाहिनी के सदस्य गौवंश की सेवा कर समाज में गौ संरक्षण का संदेश देंगे। इसके बाद शाम 5 बजे पंचमुखी बुढ़ा महादेव मंदिर में अच्युत, अनंत और गोविंद नाम का सामूहिक भगवन्नाम संकीर्तन आयोजित किया जाएगा। इसी दौरान श्री हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ भी किया जाएगा।

आयोजन के अंतर्गत एक संगोष्ठी भी होगी, जिसमें स्वामी निश्चलानंद सरस्वती के जीवन, उनके आध्यात्मिक योगदान और धर्म तथा राष्ट्र के प्रति उनके विचारों पर प्रकाश डाला जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

संस्था ने बताया कि स्वामी निश्चलानंद सरस्वती वर्तमान में 84 वर्ष की आयु में भी धर्म और राष्ट्रहित के संदेश के साथ देशभर का प्रवास कर रहे हैं। उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए सामूहिक प्रार्थना और संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा।

इसके पूर्व शनिवार को आदित्य वाहिनी द्वारा श्री राम रसोई में भंडारे का आयोजन कर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और नगरवासियों को प्रसादी वितरित की गई।

आदित्य वाहिनी, आनंद वाहिनी और पीठ परिषद ने जिले के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। संस्था का कहना है कि धर्म, संस्कृति, गौसंरक्षण और राष्ट्रोत्थान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता अपेक्षित है। आयोजन के माध्यम से सनातन परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया जाएगा।