भिलाई में युवती हत्याकांड का खुलासा, एकतरफा प्रेम में हत्या करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में किराये के कमरे में युवती की हत्या के मामले का दुर्ग पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने एकतरफा प्रेम प्रसंग में हत्या करने के आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल बरामद की है।
UNITED NEWS OF ASIA. दुर्ग l दुर्ग जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में किराये के कमरे में युवती की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एकतरफा प्रेम प्रसंग में हत्या करने के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 27 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार 10 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे मृतका की रूममेट ने परिजनों को सूचना दी कि खुशी साहू अपने किराये के कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी है। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और एसीसीयू टीम ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर लाकेश्वर साहू उर्फ पिन्टू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मृतका से एकतरफा प्रेम करता था। युवती द्वारा उससे बातचीत करने से इनकार किए जाने से वह नाराज था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले से योजना बनाकर रायपुर से भिलाई पहुंचकर अपने साथ धारदार हथियार लाया था। पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसने दो शर्ट पहन रखी थी तथा पैंट के अंदर बरमूडा भी पहना था।
पुलिस के मुताबिक कमरे में दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने युवती का गला दबाया और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने अपने पहने हुए कपड़े और जूते नदी में फेंक दिए ताकि साक्ष्य नष्ट किए जा सकें।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। मामले की जांच के दौरान जुटाए गए तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरी घटना का खुलासा किया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या महिलाओं के खिलाफ हिंसा और उत्पीड़न की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में वैशाली नगर थाना पुलिस और एसीसीयू टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।