बसना में दिव्यांगजनों को मिले आधुनिक सहायक उपकरण, 21 हितग्राहियों को बैटरी ट्राइसाइकिल वितरित
बसना के ऐतिहासिक मंगल भवन में एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड (AIC) के CSR कार्यक्रम और समाज कल्याण विभाग के सहयोग से आयोजित जिला स्तरीय शिविर में 50 दिव्यांग हितग्राहियों को 85 आधुनिक सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर 21 हितग्राहियों को बैटरी ट्राइसाइकिल सहित विभिन्न उपकरण प्रदान किए और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताया।
UNITED NEWS OF ASIA. बसना l बसना स्थित ऐतिहासिक मंगल भवन में शुक्रवार को आयोजित जिला स्तरीय दिव्यांग सहायता शिविर में दिव्यांगजनों को आधुनिक सहायक उपकरण वितरित किए गए। एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड (AIC) के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) मद तथा समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांगजनों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और समाज की मुख्यधारा से जोड़ना था।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। शिविर के दौरान कुल 50 चिन्हित हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार 85 आधुनिक सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 21 हितग्राहियों को बैटरी ट्राइसाइकिल भी प्रदान की गई, जिससे उनकी आवाजाही अधिक सुगम हो सके।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उन्हें किसी भी दृष्टि से कमजोर नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शारीरिक चुनौतियों के बावजूद दिव्यांगजन अपनी इच्छाशक्ति और प्रतिभा के बल पर समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उनका सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जब कोई दिव्यांग आत्मनिर्भर बनता है तो उसका पूरा परिवार आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत होता है। वितरित किए गए सहायक उपकरण केवल संसाधन नहीं बल्कि स्वतंत्र जीवन, आत्मसम्मान और स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
डॉ. संपत अग्रवाल ने एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड (AIC) की सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के CSR कार्यक्रम समाज के कमजोर वर्गों को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी ऐसी पहलें बसना क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में जारी रहेंगी।
मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि बसना विधानसभा क्षेत्र की जनता उनका परिवार है और विशेष रूप से दिव्यांग भाई-बहनों की सेवा करना उनका दायित्व है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में बसना विधानसभा के अन्य ब्लॉकों एवं सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष स्वास्थ्य एवं सहायता शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र और सहायक उपकरणों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने डॉ. संपत अग्रवाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में विधायक चातुरी नंद, नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, मोहित पटेल, संगीता सिंह, बंशीलाल, रोमित सिलोटिया, खेमचंद अग्रवाल, विजय पटेल, पीयूष सिंह ठाकुर, ए.पी. द्विवेदी, पुकराम कुर्रे, अमित सक्सेना, सुनीता तिर्की, आर.एन. शर्मा, गुलाब श्यामल, जयलाल भोई, राजेश भारतीय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, AIC के अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।