अशोका पब्लिक स्कूल के ओरिएंटेशन में साइबर सुरक्षा का संदेश, एडीशनल एसपी बोले- डर, लालच और जानकारी का अभाव बनता है अपराध की वजह
कवर्धा के अशोका पब्लिक स्कूल में आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में एडीशनल एसपी बी.एन. मिश्रा ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को साइबर अपराध से बचाव, मानसिक स्वास्थ्य और प्रभावी अध्ययन के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डर, लालच और जानकारी का अभाव साइबर अपराध के प्रमुख कारण हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l अशोका पब्लिक स्कूल में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम में शिक्षा के साथ साइबर सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और जीवन कौशल पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एडीशनल एसपी बी.एन. मिश्रा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध का सबसे बड़ा कारण डर, लालच और जानकारी का अभाव है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई को बोझ नहीं बल्कि आनंद और समझ की प्रक्रिया बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के संचालक पवन देवांगन और संचालिका सारिका देवांगन ने अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सोहनलाल नापित, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और अभिभावक भी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में बी.एन. मिश्रा ने कहा कि प्रभावी अध्ययन के लिए मन का शांत और तनावमुक्त होना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई का वैज्ञानिक तरीका बताते हुए कहा कि किसी विषय को पढ़ते समय उसे केवल देखना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पढ़ते हुए बोलना, सुनना और लिखना भी आवश्यक है। इससे मस्तिष्क के विभिन्न हिस्से सक्रिय होते हैं और सीखने की क्षमता तथा स्मरण शक्ति बेहतर होती है।
साइबर सुरक्षा पर उन्होंने कहा कि तकनीक जितनी सुविधाजनक है, उतनी ही सावधानी की भी मांग करती है। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध के तीन प्रमुख कारण हैं—जानकारी का अभाव, लालच और डर। उन्होंने कहा कि ओटीपी, बैंकिंग विवरण या निजी जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करनी चाहिए। आकर्षक ऑफर, नकली पुरस्कार और अधिक लाभ के लालच में आने से बचना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया और मोबाइल एप्स पर निजी जानकारी साझा करने में सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि अपराधी इन्हीं जानकारियों का दुरुपयोग कर लोगों को ब्लैकमेल करने का प्रयास करते हैं। यदि कोई साइबर अपराध का शिकार होता है तो उसे डरने के बजाय तुरंत अपने अभिभावकों, विश्वसनीय व्यक्ति या साइबर पुलिस से संपर्क करना चाहिए।
विद्यालय के संचालक पवन देवांगन और संचालिका सारिका देवांगन ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार, जागरूक और संवेदनशील नागरिक तैयार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने की आदत विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान समर कैंप की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि और उनके साथ आए सुरक्षा बल के जवानों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम का समापन राजकीय गीत और आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने इसे विद्यार्थियों, अभिभावकों और समाज के लिए जागरूकता एवं जीवन मूल्यों का प्रेरक आयोजन बताया।