बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो का उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया शुभारंभ
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जगदलपुर स्थित लाला जगदलपुरी ग्रंथालय परिसर में बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया। आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित यह केंद्र बस्तर के युवाओं और स्थानीय प्रतिभाओं को कंटेंट निर्माण, पॉडकास्ट, वीडियो और डिजिटल मीडिया के जरिए अपनी रचनात्मकता को व्यापक मंच तक पहुंचाने का अवसर देगा। शुभारंभ के दौरान पहले पॉडकास्ट में विजय शर्मा का इंटरव्यू भी रिकॉर्ड किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जगदलपुर स्थित लाला जगदलपुरी ग्रंथालय परिसर में स्थापित बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो का शुभारंभ किया। आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से सुसज्जित यह क्रिएटर हब बस्तर के युवाओं, नवाचारी लोगों और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मकता एवं विचारों को व्यापक मंच तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करेगा।
शुभारंभ के अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने क्रिएटर हब की विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया और यहां उपलब्ध आधुनिक तकनीकी संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने युवाओं को डिजिटल माध्यमों से अपनी प्रतिभा सामने लाने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही बस्तर की कला, संस्कृति, परंपरा, पर्यटन और विकास की सकारात्मक तस्वीर देश-दुनिया तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पहले पॉडकास्ट में विजय शर्मा का इंटरव्यू
बस्तर क्रिएटर हब के शुभारंभ के साथ ही इसके पहले पॉडकास्ट में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का इंटरव्यू रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान उन्होंने बस्तर के विकास, युवाओं की भूमिका तथा नई तकनीकों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।
क्रिएटर हब के माध्यम से बस्तर के युवाओं को कंटेंट निर्माण, पॉडकास्ट, वीडियो, डिजिटल मीडिया और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। स्थानीय युवा अपने विचारों, अनुभवों और नवाचारों को बेहतर तरीके से प्रस्तुत कर सकेंगे।
बस्तर की प्रतिभाओं को मंच देने और स्थानीय विषयों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने की दिशा में बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो को महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल की गई है।
कार्यक्रम में महापौर संजय पाण्डेय, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना, सहायक कलेक्टर यशवंत नाईक सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और क्रिएटर हब से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।