8 वर्षों का इंतजार खत्म, कवर्धा के हाईटेक बस स्टैंड से 6 जून से शुरू होगा बस संचालन
कवर्धा नगर के बहुप्रतीक्षित हाईटेक बस स्टैंड से 6 जून 2026 से बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि 8 वर्षों से लंबित यह परियोजना अब धरातल पर उतर रही है। नए बस स्टैंड के शुरू होने से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, जाम की समस्या कम होगी और भविष्य के विकास को नई दिशा मिलेगी।
UNITED NEWS OF ASIA. अंकिता शर्मा, कवर्धा। नगरवासियों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित हाईटेक बस स्टैंड का सपना अब साकार होने जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने घोषणा की है कि 8 वर्षों के इंतजार के बाद 6 जून 2026 से नए हाईटेक बस स्टैंड से बसों का नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर रोडमैप को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
पत्रकारों से चर्चा के दौरान चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि नया बस स्टैंड केवल एक परिवहन सुविधा नहीं है, बल्कि यह शहर की यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और भविष्य के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग, परिवहन विभाग, यातायात विभाग, बस ऑपरेटरों और टैक्सी चालकों के साथ कई दौर की बैठकें आयोजित कर संचालन संबंधी सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बस स्टैंड शुरू होने से पहले यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। परिसर में स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह सुचारू रहें, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बस संचालन शुरू होने से पहले बस स्टैंड परिसर में भगवान सत्यनारायण की कथा, हवन और पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा, राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडेय तथा अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। हाल ही में नगर पालिका की टीम ने बस स्टैंड का निरीक्षण कर अंतिम चरण के कार्यों की समीक्षा की थी और आवश्यक सुधारों के निर्देश दिए थे।
नया हाईटेक बस स्टैंड शहर के बाहरी क्षेत्र में बायपास मार्ग पर करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित किया गया है। वर्तमान में रायपुर, पंडरिया, बोडला और अन्य मार्गों से आने-जाने वाली बड़ी बसों के शहर के भीतर प्रवेश करने से अक्सर यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति निर्मित होती है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। नए बस स्टैंड के संचालन से शहर के अंदर भारी वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित बन सकेगा।
लंबे समय तक संचालन शुरू नहीं होने के कारण यह महत्वपूर्ण सार्वजनिक संपत्ति उपयोग से वंचित रही। अब स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से यह परियोजना आम जनता के लिए शुरू होने जा रही है। इससे शहर के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि नया बस स्टैंड भविष्य में व्यापार, परिवहन और सेवा क्षेत्र के विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा। इसके आसपास आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी, रोजगार के अवसर सृजित होंगे और शहर का विस्तार सुनियोजित ढंग से हो सकेगा।
विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑटो संचालकों के साथ भी सहमति बनाई गई है। छात्र-छात्राओं को पहचान पत्र दिखाने पर प्राथमिकता के साथ न्यूनतम किराये में परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि प्रारंभिक चरण में आने वाली चुनौतियों का समाधान सभी विभागों के समन्वय से किया जाएगा और नागरिकों के सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार भी किए जाते रहेंगे।