बचेली पुलिस के 4 दिनों के अथक प्रयास से हुई अज्ञात महिला की पहचान, नाले में डूबने से हुई थी मौत
दंतेवाड़ा जिले के बचेली थाना क्षेत्र में 30 मई को लुनिया खदान के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने चार दिनों की लगातार जांच और तलाश के बाद मृतका की पहचान कर ली। जांच में सामने आया कि महिला की मौत अत्यधिक नशे की हालत में नाला पार करते समय पानी में गिरने से हुई थी। पुलिस ने गांव-गांव जाकर और सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान सुनिश्चित की।
UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी, दंतेवाड़ा l बचेली थाना क्षेत्र में लुनिया खदान के समीप स्थित सिम्प्लेक्स नाला में मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान आखिरकार पुलिस के चार दिनों के लगातार प्रयासों के बाद हो सकी। मामले को गंभीरता से लेते हुए बचेली पुलिस ने विभिन्न माध्यमों से जांच कर मृतका के परिजनों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार 30 मई 2026 को दैनिक भास्कर के संवाददाता हरीश शर्मा ने मोबाइल फोन के माध्यम से बचेली पुलिस को सूचना दी थी कि लुनिया खदान के पास नेरली जाने वाले पगडंडी मार्ग के नीचे स्थित सिम्प्लेक्स नाला में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग क्रमांक 15/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी किरंदुल कमलजीत पाटले के निर्देशन में अज्ञात महिला की पहचान के लिए विशेष प्रयास किए गए। पुलिस टीम ने आसपास के गांवों में जाकर लोगों को शव की तस्वीरें दिखाईं तथा समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से भी पहचान कराने का प्रयास किया।
लगातार खोजबीन के दौरान 3 जून 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम नेरली माहरापारा निवासी बिज्जा कुंजाम पिछले एक सप्ताह से अपनी पत्नी की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिज्जा कुंजाम को थाना बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी पत्नी कई दिनों से लापता है।
इसके बाद पुलिस ने उसे महिला के शव से संबंधित जानकारी और तस्वीरें दिखाईं। बिज्जा कुंजाम ने महिला के कपड़ों, हाथों में पहनी चूड़ियों तथा शारीरिक बनावट के आधार पर शव की पहचान अपनी पत्नी कमली कुंजाम के रूप में की। इस प्रकार पुलिस ने अज्ञात महिला के शव की पहचान सुनिश्चित कर ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि 27 मई को कमली कुंजाम और उसका पति बिज्जा कुंजाम बचेली बाजार आए थे। दोनों ने वहां शराब का सेवन किया था। अधिक नशे की हालत में दोनों एक-दूसरे से बिछड़ गए। बिज्जा कुंजाम किसी तरह अपने घर नेरली पहुंच गया, लेकिन कमली कुंजाम घर नहीं लौट सकी। इसके बाद वह लगातार अपनी पत्नी की तलाश कर रहा था।
प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतका अत्यधिक नशे की स्थिति में नाला पार करते समय पानी में गिर गई होगी। नशे के कारण वह बाहर नहीं निकल पाई और डूबने से उसकी मृत्यु हो गई। जिस नाले में शव मिला, वह उनके नियमित आवागमन के मार्ग पर स्थित है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में लगातार की गई जांच, ग्रामीणों से संपर्क और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग के कारण मृतका की पहचान संभव हो सकी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू के नेतृत्व में लोचन प्रसाद पैकरा, रामकुमार जैन, मेहतुराम कोर्राम, आशाराम इस्ताम सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।