कवर्धा जिला पंचायत सामान्य सभा में स्वास्थ्य, कृषि और जल जीवन मिशन की समीक्षा

कवर्धा जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में स्वास्थ्य, कृषि और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने एचपीवी टीकाकरण में तेजी लाने के लिए कैंप आयोजित कर चिन्हांकित पात्र किशोरियों का टीकाकरण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं, कृषि योजनाओं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और जल जीवन मिशन की प्रगति पर चर्चा हुई। सदस्यों ने अपने क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दे भी सदन में रखे।

Oct 1, 2026 - 18:51
 0  2
कवर्धा जिला पंचायत सामान्य सभा में स्वास्थ्य, कृषि और जल जीवन मिशन की समीक्षा

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में स्वास्थ्य, कृषि एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने की। बैठक में एचपीवी टीकाकरण अभियान को गति देने पर विशेष जोर दिया गया। अध्यक्ष ने चिन्हांकित पात्र किशोरियों का कैंप आयोजित कर शीघ्र टीकाकरण पूरा करने तथा टीके के लाभों को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट ने एचपीवी टीकाकरण की प्रगति और इसके लाभ के संबंध में जानकारी मांगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2026-27 में एचपीवी टीकाकरण के लिए 12,004 का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके विरुद्ध अब तक 4,399 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण का कार्य लगातार जारी है। एचपीवी टीका ह्यूमन पैपिलोमावायरस संक्रमण से होने वाले सर्वाइकल कैंसर, जननांगों के मस्सों और अन्य संबंधित कैंसर के जोखिम से बचाव में सहायक है।

ईश्वरी साहू ने एचपीवी टीकाकरण के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, लखपति दीदियों और महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं का सहयोग लेकर घर-घर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी ने स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई और रख-रखाव की व्यवस्था बेहतर करने, आपात स्थिति में एम्बुलेंस उपलब्ध कराने तथा निर्धारित ड्यूटी रोस्टर के अनुसार डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में मातृत्व स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम और सिकलसेल उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी दी गई। सदस्यों ने मानिकचैरी और बदना के कंचनार में स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े विषय भी उठाए। जिला अस्पताल के पंजीयन कक्ष को सहायता केंद्र के रूप में विकसित करने और जनऔषधि केंद्र को 24 घंटे संचालित रखने के सुझाव पर भी चर्चा हुई।

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान खरीफ फसल वर्ष 2026 में उर्वरकों के भंडारण और वितरण की जानकारी दी गई। यूरिया, डीएपी, एसओपी, एसएसपी और एनपीके की उपलब्धता एवं वितरण की स्थिति से सदस्यों को अवगत कराया गया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले में 1,23,239 किसानों का ई-केवाईसी पूर्ण होना बताया गया, जो निर्धारित लक्ष्य का 99.05 प्रतिशत है। आधार सीडिंग और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति की जानकारी भी दी गई।

जल जीवन मिशन की समीक्षा में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बताया कि जिले में अब तक 1,71,472 घरेलू नल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। योजना के तहत 430 ग्रामों में कार्य पूर्ण और 435 ग्रामों में कार्य प्रगति पर है। वहीं 341 ग्रामों को हर घर जल ग्राम के रूप में प्रमाणित किए जाने की जानकारी दी गई।

बैठक में वन नेशन वन राशन कार्ड योजना की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि बायोमेट्रिक आधार और ओटीपी सत्यापन के माध्यम से पात्र हितग्राही देश के किसी भी स्थान से अपनी पात्रता के अनुसार शासकीय खाद्यान्न सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

सामान्य सभा में जिला पंचायत सदस्यों ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के विषय रखे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को उठाए गए विषयों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सदस्यों को जानकारी देने के निर्देश दिए। बैठक के बाद पात्र हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड भी वितरित किए गए।