कवर्धा में सेवा सेतु अभियान के तहत ब्लॉक स्तरीय शिविर, 437 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
कवर्धा के वीर सावरकर भवन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत ब्लॉक स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। नोडल अधिकारी एवं एसडीएम चेतन साहू के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ नागरिकों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। शिविर में कुल 437 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिला। इस दौरान प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड, कृषि सामग्री, स्वास्थ्य सेवाएं, श्रम कार्ड सहित अन्य सुविधाएं प्रदान की गईं।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत वीर सावरकर भवन, कवर्धा में ब्लॉक स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। नोडल अधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व चेतन साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहीमूलक योजनाओं और सेवाओं से संबंधित सामग्री, प्रमाण पत्र तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में कुल 437 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में जनपद पंचायत कवर्धा की अध्यक्ष सुषमा गणपत बघेल, उपाध्यक्ष गणेश तिवारी, नगर पालिका परिषद कवर्धा के उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, पंचराम कोसले और पार्षद अजय ठाकुर सहित अन्य अतिथिगण मौजूद रहे।
शिविर में जनपद पंचायत कवर्धा द्वारा 5 हितग्राहियों को पेंशन प्रमाण पत्र और 25 हितग्राहियों को वीबी-जी राम जी के अंतर्गत जॉब कार्ड वितरित किए गए। कृषि विभाग की ओर से 2 हितग्राहियों को स्प्रेयर और 10 हितग्राहियों को जैविक खाद प्रदान की गई। मछली पालन विभाग ने 1 हितग्राही को आइस बॉक्स तथा 2 हितग्राहियों को जाल और 1 मन ढाई जाल का वितरण किया।
उद्यानिकी विभाग द्वारा 11 हितग्राहियों को सब्जी बीज उपलब्ध कराए गए, जबकि खाद्य विभाग ने 2 हितग्राहियों को राशन कार्ड प्रदान किए। नगर पालिका परिषद द्वारा 3 हितग्राहियों को जन्म प्रमाण पत्र और 2 हितग्राहियों को मृत्यु प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना के अंतर्गत 80 हितग्राहियों को पट्टा अधिकार पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा 10 हितग्राहियों को किसान किताब, 5 को जाति प्रमाण पत्र, 12 को निवास प्रमाण पत्र और 20 हितग्राहियों को आय प्रमाण पत्र दिए गए।
शिविर में 10 हितग्राहियों के आधार कार्ड से संबंधित कार्य, 8 हितग्राहियों को आरटीओ लाइसेंस, 24 हितग्राहियों को पशु चिकित्सा शिविर की सेवाएं और 45 हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। श्रम विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को श्रम कार्ड उपलब्ध कराया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिविर में 150 पौधों का वितरण भी किया गया।
सेवा सेतु अभियान के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाओं और हितग्राहीमूलक योजनाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। शिविर के जरिए नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के साथ पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, नागरिक और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।