कवर्धा में गौरवपथ निर्माण की धीमी रफ्तार पर नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी सख्त, अधिकारियों-ठेकेदार को कड़ी चेतावनी

कवर्धा में 10.73 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे गौरवपथ निर्माण की धीमी प्रगति पर नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने औचक निरीक्षण के दौरान कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों व ठेकेदार को गुणवत्ता और समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा रोजाना जियो-टैग फोटो और रिपोर्ट व्हाट्सऐप ग्रुप में भेजने के आदेश जारी किए।

Feb 26, 2026 - 18:29
 0  8
कवर्धा में गौरवपथ निर्माण की धीमी रफ्तार पर नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी सख्त, अधिकारियों-ठेकेदार को कड़ी चेतावनी

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर में बहुप्रतीक्षित गौरवपथ निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने आज औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में सुस्ती पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नगर पालिका द्वारा 10 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत से गौरवपथ का निर्माण कराया जा रहा है। अध्यक्ष चंद्रवंशी ने कहा कि यह मार्ग केवल एक सड़क नहीं बल्कि पूरे शहर की पहचान और विकास का प्रतीक है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य को गुणवत्ता के साथ और तय समय-सीमा में हर हाल में पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने निर्माण स्थल पर चल रहे कार्यों की प्रगति, उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता, सड़क की लेवलिंग, ड्रेनेज व्यवस्था और साइड डेवलपमेंट कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि “कछुआ चाल से चल रहे काम को अब स्वीकार नहीं किया जाएगा।” इसके साथ ही ठेकेदार को मशीनरी, श्रमिकों और तकनीकी स्टाफ की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

अध्यक्ष ने यह भी बताया कि यह कार्य उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की मंशानुसार गुणवत्ता आधारित विकास की सोच के अनुरूप पूरा किया जाना है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहर की छवि से जुड़ी हुई है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने दो टूक कहा कि यदि कार्य में गुणवत्ता में कमी, अनावश्यक देरी या लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों पर सीधी जिम्मेदारी तय की जाएगी और नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि निर्माण के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए वैकल्पिक मार्ग, बैरिकेडिंग और सूचना संकेतक बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने निर्माण कार्य की सतत निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। सभी संबंधित अधिकारियों को रोजाना स्थल पर उपस्थित रहकर प्रगति की समीक्षा करने तथा जियो-टैग फोटो के साथ दैनिक रिपोर्ट नगर पालिका के आधिकारिक व्हाट्सऐप ग्रुप में भेजने को कहा गया है, ताकि कार्य की वास्तविक स्थिति पर नियमित नजर रखी जा सके।

निरीक्षण अवसर पर सभापति एवं वार्ड पार्षद देवा साहू, मुख्य नगर पालिका अधिकारी रोहित साहू, कार्यपालन अभियंता दिनेश कुमार नेताम, उप अभियंता राजेश मिश्रा, ठेकेदार वनित सिंह छाबड़ा सहित वार्डवासी भी उपस्थित रहे।

नगर पालिका अध्यक्ष ने अंत में कहा कि गौरवपथ कवर्धा शहर का गौरव है और इसे उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर पालिका प्रशासन इस परियोजना पर लगातार निगरानी रखेगा और शहरवासियों को जल्द ही एक बेहतर और आधुनिक सड़क सुविधा मिलेगी।