विश्रामपुरी MLA ट्रॉफी: नागपुर को हराकर कांकेर बना चैंपियन, जीते 2 लाख रुपये और ट्रॉफी
विश्रामपुरी में आयोजित ऑल इंडिया ड्यूस बॉल MLA ट्रॉफी में कांकेर ने नागपुर को हराकर खिताब जीता। 16 टीमों के इस बड़े टूर्नामेंट में विधायक नीलकंठ टेकाम और हजारों दर्शक शामिल हुए।
UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव | विश्रामपुरी में आयोजित ऑल इंडिया ड्यूस बॉल MLA ट्रॉफी प्रतियोगिता का शानदार समापन हुआ, जिसमें कांकेर की टीम ने नागपुर को हराकर प्रथम पुरस्कार 2 लाख रुपये और ट्रॉफी पर कब्ज़ा जमाया। यह टूर्नामेंट 14 दिनों तक चला, जिसमें देशभर से आई कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला नागपुर और कांकेर के बीच खेला गया, जिसमें नागपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में 164 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए कांकेर की टीम ने 17 ओवर 3 गेंद में ही जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मैच में मुख्य अतिथि के रूप में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम और छत्तीसगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व कोषाध्यक्ष सिद्धार्थ पाठक मौजूद रहे। मैदान में हजारों दर्शकों की भीड़ उमड़ी और यूट्यूब के जरिए भी मैच का लाइव प्रसारण देखा गया। चारों ओर मौजूद चीयर गर्ल्स ने मैच को और भी रोमांचक बना दिया।
विश्रामपुरी में पिछले 20 वर्षों से क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है, लेकिन पिछले सात सालों से इसमें विशेष आकर्षण और बड़े पुरस्कार रखकर इसे और लोकप्रिय बनाया गया है। इस वर्ष पहली बार ड्यूस बॉल क्रिकेट का आयोजन किया गया, जिसके कारण लखनऊ, पुणे, नागपुर, उड़ीसा, रायपुर सहित विभिन्न राज्यों की टीमों ने भाग लिया।
टूर्नामेंट की सफलता में गांव के युवाओं की भूमिका सराहनीय रही। उपसरपंच रविंद्र पांडे के अनुसार, आईटीबीपी जवान मनीष साहू, जो विश्रामपुरी के निवासी हैं, हर वर्ष अपनी छुट्टियों को बचाकर इस आयोजन को सफल बनाने में अहम योगदान देते हैं। इनके साथ गौरव शार्दूल, विवेक चांदेकर, नेमीचंद पांडे, किशन ध्रुव, मनोज कुशवाहा सहित अनेक युवाओं ने मैदान से लेकर आयोजन तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
विधायक नीलकंठ टेकाम ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस टूर्नामेंट की लोकप्रियता हर साल बढ़ रही है। उन्होंने मैदान के सौंदर्यीकरण और आवश्यक सुविधाओं को विकसित करने का आश्वासन भी दिया।
पूर्व कोषाध्यक्ष सिद्धार्थ पाठक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इतनी बड़ी भीड़ देखकर वे आश्चर्यचकित हैं। उन्होंने इसे रणजी या आईपीएल जैसी उत्साहपूर्ण दर्शक संख्या बताया और आगे इसे और बेहतर बनाने के लिए छत्तीसगढ़ एसोसिएशन से चर्चा करने की बात भी कही।
फाइनल मैच में विधायक नीलकंठ टेकाम, किशनलाल पांडे, आकाश मेहता, सरपंच पुष्पा चांदेकर, अनिता नेताम, गीतेश पांडे, भूपेश चंद्राकर, मंन्नाराम मरकाम, प्रशांत पात्र, वीरेंद्र बघेल और कई स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा यूट्यूब क्रिएटर्स भी शामिल रहे।