कवर्धा में कलेक्टर गोपाल वर्मा सख्त, पोड़ी बायपास निर्माण में देरी पर ठेकेदार को नोटिस के निर्देश

कवर्धा में कलेक्टर गोपाल वर्मा ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। पोड़ी बायपास के ठेकेदार को शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पीएम आवास, पीएम जनमन और जनगणना मकान सूचीकरण कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया।

May 12, 2026 - 18:28
 0  5
कवर्धा में कलेक्टर गोपाल वर्मा सख्त, पोड़ी बायपास निर्माण में देरी पर ठेकेदार को नोटिस के निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले में विकास कार्यों की धीमी गति पर कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों और योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक के दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने पोड़ी बायपास निर्माण कार्य में हो रही देरी पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने सभी निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यों में नियमित फील्ड मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें और प्रगति की रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि जहां भी कार्य में बाधा आ रही है, वहां संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर समस्याओं का तत्काल समाधान करें।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाय, एमएमजीएसवाय, आरईएस और पीएचई विभागों की परियोजनाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

इसके साथ ही पीएम आवास योजना और पीएम जनमन योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि अधूरे आवासों को शीघ्र पूर्ण किया जाए और जिन स्वीकृत आवासों में निर्माण शुरू नहीं हुआ है, वहां तत्काल कार्य प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने नगरीय निकाय क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली और उन्हें तेज गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आयुष्मान भारत और वय वंदन योजना के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जनगणना 2026 के तहत चल रहे मकान सूचीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि यह कार्य 30 मई तक हर हाल में पूरा किया जाना है। उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों में कार्य पूरा हो चुका है, जबकि कुछ स्थानों पर अभी प्रगति जारी है। उन्होंने सुपरवाइजरों को नियमित मॉनिटरिंग करने और प्रगणकों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सुशासन तिहार के तहत समाधान शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर, एसडीएम और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।