बलरामपुर में ‘गाँव चलो अभियान’ तेज, पंचायत और बूथ कमेटियों का गठन

बलरामपुर में ‘गाँव चलो अभियान’ के तहत कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए विभिन्न ग्रामों में पंचायत व बूथ कमेटियों का गठन किया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है।

Mar 26, 2026 - 14:20
 0  90
बलरामपुर में ‘गाँव चलो अभियान’ तेज, पंचायत और बूथ कमेटियों का गठन

UNITED NEWS OF ASIA. अली खान, बलरामपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ‘गाँव चलो अभियान’ के तहत संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय और सशक्त बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बलरामपुर के मार्गदर्शन में क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में कमेटियों के गठन का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

अभियान के अंतर्गत आज बलरामपुर क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण ग्रामों में संगठनात्मक नियुक्तियाँ की गईं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बलरामपुर के अध्यक्ष समीर सिंह देव ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन को निचले स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक पंचायत कमेटी और दो बूथ कमेटियों का गठन किया जा रहा है।

आज जिन क्षेत्रों में बैठक आयोजित कर कमेटियों को अंतिम रूप दिया गया, उनमें जाबर एवं मांगरहरा, नावाडीह और पचावल, आमडंडा व जारहाडीह, झलपी, राधाकृष्णनगर, पुत्सुरा और भेड़मी शामिल हैं।

समीर सिंह देव ने कहा कि हमारा लक्ष्य हर बूथ पर कांग्रेस की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करना है। ‘गाँव चलो अभियान’ के माध्यम से न केवल संगठन का विस्तार किया जा रहा है, बल्कि ग्रामीणों से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने का प्रयास भी किया जा रहा है।

नवनियुक्त पदाधिकारियों को पार्टी की रीति-नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अभियान से स्थानीय कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखा जा रहा है, जिससे आने वाले समय में संगठन को ग्रामीण क्षेत्रों में और मजबूती मिलने की उम्मीद है।