नवपदस्थ कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिला कार्यालय की शाखाओं का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
कबीरधाम की नवपदस्थ कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने पदभार ग्रहण करने के बाद जिला कार्यालय की विभिन्न शाखाओं और विभागीय कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से विभागीय योजनाओं और कार्यों की जानकारी ली। बैठक में टीम भावना, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने, ई-फाइल व्यवस्था और जनसमस्याओं के संवेदनशील निराकरण पर जोर दिया।
UNIED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले की नवपदस्थ कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने पदभार ग्रहण करने के बाद शुक्रवार को जिला कार्यालय की विभिन्न शाखाओं और विभागीय कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने अलग-अलग शाखाओं में पहुंचकर अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं और विभागीय कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और संबंधित विभागों में संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों तथा विभागीय कार्यों की जानकारी ली।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ टीम भावना में कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिले के विकास को गति देने के लिए उत्कृष्टता और गुणवत्ता को प्राथमिकता देना जरूरी है। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें और विभागीय योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना चाहिए। इसके साथ ही आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने राजस्व विभाग के कार्यों को महत्वपूर्ण बताते हुए राजस्व प्रकरणों के निराकरण में समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने विभागीय कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें, ताकि आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।
उन्होंने शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी शासकीय कार्यों को अनिवार्य रूप से ई-फाइल के माध्यम से करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने कार्यालयीन अनुशासन पर भी जोर देते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था का उद्देश्य आम लोगों को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, समन्वय और जवाबदेही बनाए रखना आवश्यक है।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, सागर सिंह राज, रामप्रसाद आचला, एसडीएम पंडरिया संदीप ठाकुर, कवर्धा चेतन साहू, लोहारा शिल्पा देवांगन, बोड़ला आशुतोष शर्मा, डिप्टी कलेक्टर रुचि शार्दूल, अधीक्षक राजेंद्र धुर्वे सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।