जागरूक होंगे बच्चे, सुरक्षित होगा छत्तीसगढ़ का भविष्य, स्कूलों में बाल संरक्षण अभियान तेज
छत्तीसगढ़ में मिशन वात्सल्य के तहत स्कूलों में बाल संरक्षण एवं सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा, बाल अधिकार और व्यक्तिगत सुरक्षा की जानकारी देकर उन्हें जागरूक एवं आत्मविश्वासी बनाया जा रहा है।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ में बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों की रक्षा और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा स्कूलों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग मिशन वात्सल्य के तहत विद्यार्थियों को बाल संरक्षण, व्यक्तिगत सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक कर रहा है। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को आत्मविश्वासी, सजग और सुरक्षित नागरिक बनाना है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में मिशन वात्सल्य, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर तथा पुलिस विभाग के अधिकारी स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद कर रहे हैं। इस दौरान बच्चों को पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधान, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की उपयोगिता, गुड टच और बैड टच की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा के उपाय तथा किसी भी प्रकार के शोषण या अनुचित व्यवहार की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
अभियान के माध्यम से बच्चों और किशोर-किशोरियों को केवल कानूनी जानकारी ही नहीं बल्कि शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, स्वच्छता, लैंगिक समानता, नशामुक्ति, बाल विवाह और बाल श्रम की रोकथाम, भिक्षावृत्ति उन्मूलन तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के उद्देश्यों से भी अवगत कराया जा रहा है। कार्यक्रमों में बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर किसी भी चुनौती का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।
जागरूकता सत्रों के दौरान विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान सरल और सहज भाषा में किया जाता है। बच्चों को बताया जाता है कि यदि वे किसी भी प्रकार की असुरक्षित या संदिग्ध स्थिति का सामना करें तो बिना डर के अपने माता-पिता, शिक्षकों, पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से तुरंत संपर्क करें। साथ ही विद्यार्थियों को अपने मित्रों और सहपाठियों को भी इन महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराने के लिए प्रेरित किया जाता है।
इसी क्रम में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रामचंद्रपुर में आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मिशन वात्सल्य, चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने बच्चों से संवाद करते हुए बाल संरक्षण, साइबर सुरक्षा और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक उपाय बताए। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का प्रत्येक बच्चा अपने अधिकारों को समझे, किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ आवाज उठाने का साहस विकसित करे और सुरक्षित, सम्मानजनक तथा सकारात्मक वातावरण में अपने भविष्य का निर्माण कर सके। यही उद्देश्य प्रदेशभर में संचालित इस बाल संरक्षण जागरूकता अभियान की सबसे बड़ी सफलता माना जा रहा है।