अवैध खनिज परिवहन पर खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल की सख्त कार्रवाई, दो डंफर जब्त

सिंगरौली जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के विरुद्ध खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई की गई। सघन जांच अभियान के दौरान गिट्टी और रेत का अवैध परिवहन करते दो डंफर जब्त किए गए। प्रशासन ने आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी है।

Jan 18, 2026 - 11:16
 0  15
अवैध खनिज परिवहन पर खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल की सख्त कार्रवाई, दो डंफर जब्त

 UNITED NEWS OF ASIA. आदर्श तिवारी, सिंगरौली। जिले में अवैध खनन, खनिज परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के नेतृत्व में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जिसमें अवैध खनिज परिवहन करते दो डंफर वाहनों को जब्त किया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत की गई।

प्रशासन द्वारा जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से नियमित निरीक्षण एवं जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 17 जनवरी को खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में सहायक खनिज अधिकारी रामसुशील चौरसिया द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच की गई।

जांच के दौरान गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए डंफर वाहन क्रमांक MP53HA2255 को पकड़ा गया। आवश्यक दस्तावेजों के अभाव एवं नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर उक्त डंफर को पुलिस चौकी निवास में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में रेत का अवैध एवं ओवरलोड परिवहन करते पाए जाने पर डंफर वाहन क्रमांक MP19ZF3121 को जब्त कर पुलिस चौकी निगरी में सुरक्षित रखा गया।

खनिज विभाग ने दोनों मामलों में संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। विभागीय सूत्रों के अनुसार नियमानुसार अर्थदंड एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की मंशा स्पष्ट है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या खनिज परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। खनिज विभाग की इस सख्त कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।