सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, कलेक्टर से शिकायत कर अतिक्रमण हटाने की मांग

मनेन्द्रगढ़ शहर के वार्ड नंबर 11 में पुलिस थाने के सामने स्थित बेशकीमती शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण और व्यवसाय किए जाने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता ने कलेक्टर एमसीबी से मामले की जांच कर अतिक्रमण हटाने की मांग की है।

Feb 2, 2026 - 18:58
Feb 2, 2026 - 19:09
 0  131
सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, कलेक्टर से शिकायत कर अतिक्रमण हटाने की मांग

UNITED NEWS OF ASIA. प्रदीप पाटकर, मनेन्द्रगढ़ | जिले में शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ताजा मामला मनेन्द्रगढ़ शहर के वार्ड नंबर 11 का है, जहां पुलिस थाने के ठीक सामने स्थित बेशकीमती सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने का गंभीर आरोप लगाया गया है।

कलेक्टर को सौंपी गई शिकायत

इस मामले में आवेदक रितेश ताम्रकार ने जिला कलेक्टर एमसीबी को लिखित शिकायत सौंपते हुए बताया कि प्रदीप कुमार ताम्रकार एवं उनके पुत्र सौरभ ताम्रकार द्वारा पुलिस थाना मनेन्द्रगढ़ के समीप स्थित शासकीय भूमि पर बिना किसी वैध पट्टे या शासकीय अनुमति के कब्जा किया गया है।

बिना अनुमति बड़े पैमाने पर निर्माण का आरोप

शिकायत पत्र के अनुसार, उक्त सरकारी भूमि पर

  • एक अंडरग्राउंड गोदाम,

  • विद्युत सामग्री का बड़ा शोरूम,

  • तथा लगभग आठ कमरों का मकान और दुकानें
    निर्मित कर निजी व्यवसाय संचालित किया जा रहा है, जो पूरी तरह अवैध बताया गया है।

राजस्व को भारी नुकसान का दावा

आवेदक का कहना है कि इस अवैध कब्जे के माध्यम से करोड़ों रुपये का निजी व्यापार किया जा रहा है, जिससे शासन को भारी आर्थिक क्षति हो रही है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि एमसीबी जिला बनने के बाद प्रशासन को विभिन्न शासकीय कार्यालयों के लिए भूमि की आवश्यकता है, ऐसे में इस महत्वपूर्ण शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना अत्यंत आवश्यक है।

पूर्व शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप

शिकायतकर्ता ने बताया कि इससे पूर्व 23 नवंबर 2022 को इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), मनेन्द्रगढ़ को भी लिखित आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी कारण अब सीधे कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध कब्जा हटाने की मांग की गई है।