गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4.5 लाख के हीरों के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 4 लाख 50 हजार रुपये के हीरों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 नग बहुमूल्य हीरे जब्त किए हैं। मामले में अवैध हीरा तस्करी और खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. राधे पटेल, गरियाबंद l छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस को अवैध हीरा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना पुलिस और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से करीब 4 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के 9 नग बहुमूल्य हीरे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और खान एवं खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जीरो पॉइंट सीकासार जाने वाले रास्ते पर कुछ लोग अवैध रूप से हीरे बेचने की फिराक में ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी मैनपुर और स्पेशल टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
पुलिस ने मौके से एक महिला और दो पुरुषों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान महिला आरोपी भानुमति यादव के पास से 5 नग हीरे, कुशल नेताम के पास से 2 नग और अर्जुन पाण्डे के पास से 2 नग बहुमूल्य चमकीले खनिज पदार्थ बरामद हुए। पुलिस ने सभी 9 नग हीरों को जब्त कर उनकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये बताई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भानुमति यादव, पति घासीराम यादव, निवासी ग्राम मोहंदा थाना मैनपुर; कुशल नेताम, पिता दलगंजन नेताम, निवासी ग्राम पीपल कन्हार थाना पीपरछेड़ी; और अर्जुन पाण्डे, पिता लैबानो पाण्डे, निवासी बेगरपारा थाना मैनपुर के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में प्रारंभिक जानकारी सामने आई है कि आरोपी लंबे समय से अवैध हीरा तस्करी के कारोबार से जुड़े हुए थे।
मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 3(5) बीएनएस तथा खान एवं खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त किए गए हीरे कहां से लाए गए थे और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गरियाबंद और देवभोग क्षेत्र लंबे समय से अवैध हीरा तस्करी और खनन गतिविधियों के लिए चर्चा में रहे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय तस्करों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले की जांच गहराई से की जा रही है और जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों तक भी पहुंचने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि अवैध खनन या तस्करी से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।