गैंदपुर में ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शिविर, 51 आवेदन हुए प्राप्त

कवर्धा जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम गैंदपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ क्लस्टर स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। विभिन्न विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया। शिविर में कुल 51 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि शिकायत से संबंधित कोई आवेदन नहीं आया।

Oct 5, 2026 - 18:31
 0  2
गैंदपुर में ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शिविर, 51 आवेदन हुए प्राप्त

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कबीरधाम l सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंड सहसपुर लोहारा के ग्राम गैंदपुर में क्लस्टर स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र की 19 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाना तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को संचालित योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। जिला पंचायत सदस्य रोशन दुबे, राघवेंद्र वर्मा, नरेश साहू, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष दुर्गा सिंह, बसंत शर्मा, राजेश कौशिक सहित 19 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

भावना बोहरा ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सुविधाओं को सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी मिल रही है और पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने की बात कही। साथ ही ग्रामीणों से भी अपनी आवश्यकताओं और समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराने तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आने की अपील की।

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 5 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। वहीं 5 हितग्राहियों को राशन कार्ड, 4 हितग्राहियों को जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र तथा बैंक लिंकेज के अंतर्गत 5 हितग्राहियों को ऋण वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 3 किशोरी बालिकाओं को स्वच्छता किट प्रदान की गई। इसके अलावा 2 हितग्राहियों की गोद भराई और 2 बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। विभाग की एक सुपरवाइजर को सम्मान प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया।

इसी क्रम में 2 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड और श्रम विभाग द्वारा 2 श्रम कार्ड प्रदान किए गए। राजस्व विभाग की ओर से 2 हितग्राहियों को डुप्लीकेट ऋण पुस्तिका तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 3 स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इससे ग्रामीणों को अलग-अलग विभागों की सेवाओं और योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिला।

‘सरकार आपके द्वार’ की भावना के अनुरूप आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 51 आवेदन प्राप्त हुए। हालांकि शिकायत से संबंधित कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शिविर में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवकुमार साहू, तहसीलदार विवेक गोहिया, तांजय नागेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।