“एक गुलाब – एक संकल्प” अभियान से दंतेवाड़ा में सड़क सुरक्षा का संदेश, वाहन चालकों ने लिया यातायात नियमों के पालन का संकल्प
दंतेवाड़ा में सिटी कोतवाली और यातायात शाखा ने संयुक्त रूप से “एक गुलाब – एक संकल्प” सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान चलाया। अभियान में स्कूली छात्राओं ने वाहन चालकों को गुलाब देकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया और उनसे संकल्प पत्र भरवाया। वाहन चालकों ने हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति और नशामुक्त ड्राइविंग समेत यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी, दंतेवाड़ा l दंतेवाड़ा में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सिटी कोतवाली दंतेवाड़ा एवं यातायात शाखा द्वारा संयुक्त रूप से “एक गुलाब – एक संकल्प” सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूंटे और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी दंतेवाड़ा आकांक्षा ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
अभियान के दौरान स्कूली छात्राओं ने वाहन चालकों को गुलाब भेंट कर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। इसके साथ ही वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा संकल्प पत्र भरवाकर यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया गया। गुलाब देने की इस अनूठी पहल के माध्यम से वाहन चालकों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि सड़क पर थोड़ी सी सावधानी किसी परिवार की खुशियों को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
अभियान के दौरान बच्चों ने वाहन चालकों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि यह गुलाब केवल एक फूल नहीं, बल्कि सुरक्षित वाहन चलाने की प्रार्थना है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सड़क पर वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतें, क्योंकि उनके घर में परिवार का कोई सदस्य उनकी सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहा है। बच्चों की इस अपील ने अभियान को भावनात्मक और प्रभावशाली बना दिया।
संकल्प पत्र के माध्यम से वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने, तेज गति और लापरवाही से वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने का संकल्प लिया गया। इसके साथ ही वाहन चालकों से पैदल यात्रियों, बच्चों, बुजुर्गों और एम्बुलेंस को प्राथमिकता देने की अपील की गई।
अभियान के दौरान आम नागरिकों को यह संदेश भी दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की व्यक्तिगत और सामाजिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग किया जा सकता है। पुलिस ने वाहन चालकों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस अभियान में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिन्हा, यातायात प्रभारी निरीक्षक मुकेश ताती, उपनिरीक्षक राजेश बघेल, PSI अंकित, अश्वनी, ASI जीतेन्द्र त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक बुधराम कड़ती, आरक्षक मनोज नेगी, बारला, आदित्य सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अभियान में छात्रावास अधीक्षिका अंजू सलाम का भी विशेष योगदान रहा। स्कूली छात्राओं की सक्रिय भागीदारी से “एक गुलाब – एक संकल्प” अभियान ने सड़क सुरक्षा के संदेश को लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया।