छत्तीसगढ़ चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के मार्गदर्शन में DRUCC सदस्य एवं चेम्बर उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन और सदस्य जितेंद्र शादीजा ने संयुक्त रूप से महाप्रबंधक को विस्तृत मांग पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में रायपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है, लेकिन सुविधाओं का विस्तार उसी अनुपात में नहीं हो पाया है।
सदस्यों ने बताया कि बीते चार वर्षों में रायपुर स्टेशन पर यात्रियों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है। इसके चलते वर्तमान में उपलब्ध ATVM यानी टिकट एटीएम मशीनें यात्रियों की जरूरतों को पूरा करने में नाकाफी साबित हो रही हैं। उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में अतिरिक्त टिकट मशीनें लगाने की मांग की।
इसके साथ ही प्लेटफार्म नंबर 2 से 7 तक शेड विस्तार की मांग भी रखी गई ताकि यात्रियों को गर्मी और बारिश से राहत मिल सके। गर्म मौसम को देखते हुए प्लेटफार्मों पर “वॉटर स्प्रिंकलर” सिस्टम लगाने का सुझाव भी दिया गया। समिति के सदस्यों का कहना था कि इससे यात्रियों को भीषण गर्मी में काफी राहत मिलेगी।
जनरल और स्लीपर क्लास के यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए गोंदिया स्टेशन की तर्ज पर प्लेटफार्मों पर “जनता खाना” स्टॉल शुरू करने की मांग की गई। उनका कहना था कि गरीब और मध्यम वर्ग के यात्रियों को सस्ती दरों पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए यह व्यवस्था बेहद जरूरी है।
रेल संचालन के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। DRUCC सदस्यों ने रायपुर से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और अमृतसर जैसे प्रमुख शहरों के लिए नई साप्ताहिक ट्रेनों की शुरुआत की मांग की। इसके अलावा दुर्ग-टाटानगर और दुर्ग-भोपाल मार्ग पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई गई। सदस्यों ने रायपुर रेल मंडल के सरस्वती नगर और डब्ल्यूआरएस जैसे छोटे स्टेशनों पर असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए रात्रि पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की। साथ ही रेलवे प्लेटफार्मों को शॉर्टकट रास्ते के रूप में इस्तेमाल करने वालों पर सख्ती बरतने का सुझाव दिया गया।
ज्ञापन में स्टेशन परिसर में क्यूआर कोड आधारित फीडबैक सिस्टम लागू करने, “एक स्टेशन एक उत्पाद” योजना के तहत छत्तीसगढ़ी हस्तशिल्प और मिलेट उत्पादों के स्थायी स्टॉल लगाने तथा स्टेशन के बाहर प्रीपेड ऑटो-टैक्सी बूथ शुरू करने की भी मांग की गई।
लोकेश चंद्रकांत जैन ने होटल राजपुताना के पास खराब और जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की आवश्यकता भी उठाई। महाप्रबंधक ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए यात्री हित में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।