कवर्धा हत्या मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार, रक्तरंजित कपड़े जब्त

कवर्धा थाना क्षेत्र में हुए हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक भूपेन्द्र यादव की मौत आपसी विवाद के दौरान हुई थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित कपड़े भी जब्त किए हैं।

May 12, 2026 - 11:11
 0  3
कवर्धा हत्या मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार, रक्तरंजित कपड़े जब्त

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले के कवर्धा थाना क्षेत्र में हुए हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े भी जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नूतन यादव निवासी पैठूपारा कवर्धा ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका छोटा भाई भैयालाल यादव उर्फ भूपेन्द्र 10 मई 2026 को सुबह से ठाकुर पारा निवासी अमन ठाकुर के साथ था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान ठाकुर पारा स्थित एक मकान में भूपेन्द्र यादव गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। मौके पर ही उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली कवर्धा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस ने शव पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया और आसपास के लोगों सहित संबंधित गवाहों से पूछताछ शुरू की। मामले में अपराध क्रमांक 181/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल तथा डीएसपी आशीष शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेही अखिलेष ठाकुर उर्फ अमन ठाकुर से पूछताछ की गई, जिसमें उसने घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह और मृतक भूपेन्द्र यादव साथ में घूम रहे थे तथा विभिन्न स्थानों पर शराब का सेवन कर रहे थे। बाद में दोनों आरोपी के घर पहुंचे, जहां शराब पीने के दौरान दोनों के बीच विवाद और गाली-गलौच शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें आरोपी ने मृतक को जमीन पर पटक दिया। गिरने से मृतक के सिर में गंभीर चोट लगी और वह अचेत हो गया।

घटना के बाद आरोपी ने अपने पहने हुए खून से सने कपड़े बदलकर घर में छिपा दिए थे। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर रक्तरंजित कपड़े बरामद कर विधिवत जब्त किए। जांच के दौरान संकलित साक्ष्यों, गवाहों के बयान और आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अखिलेष ठाकुर उर्फ अमन ठाकुर, उम्र 33 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 22 ठाकुर पारा कवर्धा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को दी और आरोपी को न्यायालय में पेश किया। कबीरधाम पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है तथा अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। थाना कोतवाली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।