मनरेगा कार्यों का निरीक्षण करने फील्ड पहुंचे जिला पंचायत सीईओ अजय कुमार त्रिपाठी

कबीरधाम जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का जिला पंचायत सीईओ अजय कुमार त्रिपाठी ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गुणवत्ता, समयबद्ध पूर्णता और अधिक से अधिक ग्रामीणों को रोजगार देने पर विशेष जोर दिया।

Dec 18, 2025 - 11:10
 0  63
मनरेगा कार्यों का निरीक्षण करने फील्ड पहुंचे जिला पंचायत सीईओ अजय कुमार त्रिपाठी

 UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम | जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  अजय कुमार त्रिपाठी ने आज विकासखंड बोड़ला के विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत ग्राम पंचायत अंधरीकछार से की गई, जहां मनरेगा अंतर्गत तालाब निर्माण कार्य का अवलोकन किया गया।

सीईओ श्री त्रिपाठी ने कार्य स्थल पर उपस्थित पंजीकृत श्रमिकों से सीधे संवाद कर कार्य की प्रगति, मजदूरी भुगतान और कार्य परिस्थितियों की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए बताया कि तालाब निर्माण से गांव में जल स्तर सुधार, सिंचाई सुविधा और पशुपालन को लाभ मिलेगा। उन्होंने ग्रामीणों से गुणवत्ता पूर्ण कार्य करने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान ग्राम रोजगार सहायक एवं पंचायत सचिव को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक मजदूरी मूलक कार्यों की पहचान कर उन्हें स्वीकृत कराएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा ग्रामीणों को रोजगार मिल सके। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि कार्य पर लगे श्रमिकों को समय सीमा के भीतर मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। कार्य स्थल पर पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

इसके पश्चात ग्राम पंचायत नेउरगांव में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया गया। सीईओ ने निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायत को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित मापदंडों के अनुरूप तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा बोड़ला को दिए गए। उन्होंने सेंटरिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के दौरान स्वयं उपस्थित रहकर निगरानी करने के भी निर्देश दिए।

सीईओ त्रिपाठी ने ग्राम पंचायत खंडसरा पहुंचकर मनरेगा योजना से निर्मित किए जा रहे पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य में तेजी लाने और समय पर पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश सीईओ जनपद पंचायत एवं तकनीकी अमले को दिए।

उन्होंने बताया कि जिले में मनरेगा के अंतर्गत तालाब गहरीकरण, डबरी निर्माण, कच्ची नाली, पंचायत भवन, पशु शेड, आंगनबाड़ी भवन एवं आजीविका संबंधी कार्यों के माध्यम से ग्रामीणों को लगातार रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। वर्तमान में जिले में 30,500 से अधिक पंजीकृत श्रमिकों को प्रतिदिन रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना अधिकारी मनरेगा जिला पंचायत, सीईओ जनपद पंचायत बोड़ला, कार्यक्रम अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारी, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।