धमतरी पुलिस की बड़ी पहल: लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए एसपी ने की समीक्षा बैठक

धमतरी पुलिस ने डीजीपी के निर्देशों के तहत लंबित और पुराने प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। एसपी सूरज सिंह परिहार ने समीक्षा बैठक लेकर थाना-चौकी प्रभारियों को खात्मा और खारजी मामलों के शीघ्र निपटारे के सख्त निर्देश दिए।

May 9, 2026 - 13:23
 0  7
धमतरी पुलिस की बड़ी पहल: लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए एसपी ने की समीक्षा बैठक

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी। पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ द्वारा लंबित एवं पुराने प्रकरणों के त्वरित निराकरण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस महानिदेशक के निर्देशों एवं पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार ने जिले के समस्त अनुभाग अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली।

बैठक में मुख्य रूप से थानों में लंबित पुराने प्रकरणों, खात्मा एवं खारजी मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का विधिसम्मत परीक्षण कर उन्हें शीघ्र माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए, ताकि उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित हो सके।

एसपी धमतरी ने कहा कि लंबित मामलों का समय पर निपटारा न केवल न्यायिक प्रक्रिया को गति देता है, बल्कि थाना स्तर पर कार्यभार को भी कम करता है। इससे पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण पर गंभीरता से कार्य करते हुए शीघ्र वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए।

बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सभी लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करें और न्यायालयीन कार्यवाही में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही डीजीपी के निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए खात्मा एवं खारजी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए।

पुलिस अधीक्षक ने राजपत्रित अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे अपने-अपने अनुभाग अंतर्गत थाना क्षेत्रों के मामलों की नियमित समीक्षा करें और सुनिश्चित करें कि कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि यह अभियान पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

धमतरी पुलिस द्वारा लगातार समीक्षा और विशेष अभियान चलाकर लंबित मामलों के निराकरण की प्रक्रिया को गति दी जा रही है। इससे न्यायिक व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ आम जनता का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास भी बढ़ेगा।

इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडेय, सीएसपी धमतरी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी भानु प्रताप चंद्राकर, डीएसपी मीना साहू, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, डीपीओ अजय सिंह सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही एसपी कार्यालय के स्टेनो, रीडर तथा थानों के रीडर भी बैठक में शामिल हुए।