धमतरी की नई एसपी बनीं भावना पांडेय, पदभार संभालते ही कानून-व्यवस्था पर दिया फोकस

धमतरी जिले की नई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने सोमवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा प्रभावी कानून-व्यवस्था, जनोन्मुखी पुलिसिंग, पारदर्शिता और आमजन को त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

Jul 13, 2026 - 14:55
 0  3
धमतरी की नई एसपी बनीं भावना पांडेय, पदभार संभालते ही कानून-व्यवस्था पर दिया फोकस

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l धमतरी जिले को नई पुलिस अधीक्षक मिल गई हैं। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी भावना पांडेय ने सोमवार को धमतरी पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आमजन को संवेदनशील और त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

पदभार ग्रहण के दौरान निवर्तमान पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने विभागीय प्रक्रिया के तहत उन्हें कार्यभार सौंपा। इस दौरान जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा, संवेदनशील मामलों, सामुदायिक पुलिसिंग तथा विभिन्न विशेष अभियानों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।

कार्यभार ग्रहण समारोह में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने नई पुलिस अधीक्षक का स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व में जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा जनविश्वास आधारित पुलिसिंग को नई दिशा देने का भरोसा जताया।

अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय के दौरान भावना पांडेय ने कहा कि धमतरी पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करना और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को और अधिक मजबूत बनाना विभाग की प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों और प्रकरणों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ समय पर निराकरण किया जाए। साथ ही प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अनुशासन, ईमानदारी और सेवा भावना के साथ कार्य करते हुए विभाग की गरिमा बनाए रखे।

पदभार संभालने के बाद नई पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने शाखा प्रभारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा लंबित मामलों, कार्यालयीन अभिलेखों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और समयबद्ध कार्य निष्पादन के निर्देश दिए।

भावना पांडेय ने जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों के साथ नियमित संवाद और विश्वास कायम रखना पुलिस की जिम्मेदारी है। टीमवर्क, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। नई पुलिस अधीक्षक ने विश्वास व्यक्त किया कि धमतरी पुलिस की पूरी टीम अपनी कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए जिले में उत्कृष्ट, पारदर्शी और जनविश्वास आधारित पुलिसिंग की नई मिसाल स्थापित करेगी।