कवर्धा जिला अस्पताल में सीटी स्कैन से 771 मरीज हुए लाभान्वित

कवर्धा जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन स्थापित होने के बाद अब तक 771 मरीजों को इसका लाभ मिला है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है, जिससे जिले के गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों को बड़ी राहत मिली है।

Dec 7, 2025 - 13:35
 0  9
कवर्धा जिला अस्पताल में सीटी स्कैन से 771 मरीज हुए लाभान्वित

 UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप लगातार कार्य किया जा रहा है। जिसके तहत कवर्धा के लोगों को सर्वोत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है। जिले में लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन स्थापित की गई।

अब तक इस सुविधा से 771 लोगों को लाभान्वित किया जा चुका है।
कबीरधाम के जिला पंचायत सदस्य  लोकचंद साहू ने बताया कि पहले आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में सिटी स्कैन के अभाव में तुरंत उपचार संभव नहीं होता था और मरीज को बड़े शहरों जैसे रायपुर या दुर्ग के लिए रिफर किया जाता था, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। अब जिले में ही आधुनिक जांच की सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को राहत मिली है।


कवर्धा के लघान गांव के निवासी त्रिलोक चंद्रवंशी ने बताया कि पहले सिटी स्कैन के लिए रायपुर, दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर जाना पड़ता था, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ जाता था। अब जिला अस्पताल में जांच एवं उपचार संभव होने के साथ निःशुल्क रहने और खाने की व्यवस्था भी उपलब्ध है।

25 जुलाई 2025 को इस सुविधा का शुभारंभ किया गया। जिला अस्पताल में आधुनिक इंट्रीकेटेड पब्लिक हेल्थ लैब, ब्लड बैंक, ओटी में ऑनलाइन पावर बैकअप, 38 चिकित्सकों की पदस्थापना, 16.63 करोड़ की लागत के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण, 100 से बढ़कर 220 बिस्तर की क्षमता तथा 258 नए पदों की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अलावा प्रतिमाह निःशुल्क कैसर स्क्रीनिंग कैम्प भी आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय द्वारा 11 दिसम्बर को मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन कर स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार हेतु विशेष सौगात दी जाएगी।