सहकारिता मंत्री केदार कश्यप की पहल से सहकारी बैंकों में 1,360 पदों पर होगी भर्ती, युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
छत्तीसगढ़ के पांच जिला सहकारी केंद्रीय बैंक क्षेत्रों और उनसे संबद्ध प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में कुल 1,360 पदों पर भर्ती की अनुमति दी गई है। इनमें सहकारी बैंकों के 198 पद और समिति प्रबंधकों के 1,162 पद शामिल हैं। रायपुर क्षेत्र में सबसे अधिक 508 और बिलासपुर क्षेत्र में 444 पदों पर भर्ती होगी। सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने भर्ती प्रक्रिया को नियमों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. छत्तीसगढ़ में सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में प्रदेश के पांच जिला सहकारी केंद्रीय बैंक क्षेत्रों तथा उनसे संबद्ध प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में कुल 1,360 पदों पर भर्ती की अनुमति प्रदान की गई है। स्वीकृत पदों में जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के विभिन्न संवर्गों के 198 पद और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में समिति प्रबंधकों के 1,162 पद शामिल हैं।
समिति प्रबंधक के कुल 1,162 पदों में 596 पद सीधी भर्ती और 566 पद सीमित चयन प्रक्रिया के माध्यम से भरे जाएंगे। सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने 21 अगस्त को आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में सहकारी बैंकों और समितियों में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शीघ्र आगे बढ़ाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने अधिकारियों से बैंकों की ओर से भेजे गए प्रस्तावों का कर्मचारी सेवा नियमों, आरक्षण प्रावधानों और वित्तीय मानदंडों के अनुरूप परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा था। इसके बाद विभाग ने प्रस्तावों का परीक्षण करते हुए भर्ती की अनुमति जारी की है।
केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सहकारी व्यवस्था को अधिक सक्षम और किसान हितैषी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। 1,360 पदों पर भर्ती की अनुमति इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि भर्ती से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और सहकारी बैंकों तथा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों की कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी। कर्मचारियों की नियुक्ति से किसानों और खाताधारकों को बैंकिंग सेवाएं अधिक सुगमता और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
पांच बैंक क्षेत्रों में होने वाली भर्ती में रायपुर क्षेत्र में सर्वाधिक 508 पद स्वीकृत किए गए हैं। इसके बाद बिलासपुर क्षेत्र में 444, बस्तर-जगदलपुर में 187, दुर्ग-राजनांदगांव में 154 और रायगढ़ क्षेत्र में 67 पदों पर भर्ती होगी। जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के स्वीकृत पदों में उप प्रबंधक, प्रोग्रामर, सहायक प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर, सहायक प्रोग्रामर और सामान्य सहायक जैसे पद शामिल हैं। इन नियुक्तियों से बैंकों के प्रशासनिक, तकनीकी और मैदानी कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित करने में सहायता मिलने की उम्मीद है।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनके माध्यम से किसानों को ऋण, खाद-बीज और विभिन्न सहकारी योजनाओं का लाभ मिलता है। समिति प्रबंधकों की नियुक्ति से समितियों के दैनिक संचालन, अभिलेख संधारण, वित्तीय प्रबंधन और योजनाओं के क्रियान्वयन को गति मिलेगी। साथ ही पैक्स समितियों के कम्प्यूटरीकरण और डिजिटल सेवाओं के विस्तार में भी मदद मिलेगी।
भर्ती प्रक्रिया संबंधित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कर्मचारी सेवा नियम-2023, आरक्षण नियमों, स्वीकृत पद संख्या और वित्तीय मानदंडों के अनुसार पूरी की जाएगी। संबंधित संभागीय संयुक्त पंजीयक को भर्ती एवं चयन समिति में अनिवार्य सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा। सरकार के अनुसार चयन प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संचालित की जाएगी तथा भर्ती प्रक्रिया सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन विशेष अनुमति याचिका के अंतिम आदेश के अधीन रहेगी।