कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न प्रकरणों में न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंटों की तामिली के लिए अभियान चलाया।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए विजय कुमार साहू निवासी दर्रीपारा कवर्धा, रोहित साहू निवासी खैरबाना कला, रूपेश देवदास निवासी रामनगर, उदल जायसवाल निवासी राजनांदगांव रोड कवर्धा, विकास साहू निवासी गंगानगर, दुखीराम उर्फ गोरखा जांगड़े निवासी घोटिया, संजय धुर्वे निवासी जुनवानी तथा मोहन चंदौल निवासी रामनगर को गिरफ्तार किया। सभी गिरफ्तार वारंटियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इसी दौरान थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के बिलासपुर रोड स्थित शराब भट्ठी के पास छोटे पुलिया में दो गुटों के बीच विवाद होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विवाद कर रहे लोगों को समझाइश देकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया। इसके बावजूद संबंधित व्यक्तियों द्वारा अपनी गतिविधियां जारी रखने पर पुलिस ने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी संज्ञेय अपराध की घटना को रोकने के उद्देश्य से 6 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जद में खेलावन उर्फ खेमू, कैलाश बंजारे उर्फ गब्बर, प्रीतम कुर्रे, सचिन कोसले, यशवंत मेरावी और लक्ष्मण मेरावी को लिया गया। पुलिस के अनुसार इन लोगों के विरुद्ध विवाद की स्थिति तथा शांति भंग की आशंका को देखते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई।
कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में वारंटियों की धरपकड़, असामाजिक तत्वों की निगरानी और आदतन बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई का अभियान लगातार जारी है। पुलिस का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और नागरिकों के लिए शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।