छिंदवाड़ा में सड़क सुरक्षा पर जागरूकता सेमिनार, छात्राओं को बताए दुर्घटना से बचाव के उपाय
रोटरी क्लब ऑफ छिंदवाड़ा ने शासकीय गर्ल्स कॉलेज में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया। कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक लाखन सिंह बघेल और यातायात सूबेदार लोहित शेंडे ने छात्राओं को हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और मोबाइल फोन से बचने जैसे जरूरी नियमों की जानकारी दी। साथ ही Golden Hour, PM-RAHAT, Hit & Run और Good Samaritan/राह-वीर योजना के बारे में भी बताया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. यज्ञराज पटेल, छिंदवाड़ा l छिंदवाड़ा में सड़क सुरक्षा को लेकर छात्राओं के बीच जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ छिंदवाड़ा द्वारा शासकीय गर्ल्स कॉलेज में जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। रोटरी वर्ष 2026-27 के “Knowledge is Power Series” के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का विषय “सड़क सुरक्षा – दुर्घटना के कारण एवं उनसे बचाव” रखा गया। कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, यातायात नियमों का पालन करने और दुर्घटना की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।
सेमिनार में मुख्य वक्ता के रूप में यातायात निरीक्षक लाखन सिंह बघेल और यातायात सूबेदार लोहित शेंडे ने छात्राओं को सड़क सुरक्षा के व्यावहारिक नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। छात्राओं को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान दुर्घटना के बाद के शुरुआती समय यानी “Golden Hour” के महत्व को भी विस्तार से समझाया गया। बताया गया कि सड़क दुर्घटना के बाद पहला एक घंटा घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति के जीवन को बचाने की संभावना बढ़ सकती है। छात्राओं से अपील की गई कि दुर्घटना होने पर घबराने के बजाय तत्काल 112 पर संपर्क करें और सुरक्षित तरीके से जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करें।
सेमिनार में केंद्र सरकार से संबंधित सड़क दुर्घटना सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी गई। छात्राओं को PM-RAHAT योजना के तहत पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को 1.5 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की जानकारी दी गई। इसके अलावा Hit & Run मामलों में मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये और गंभीर चोट की स्थिति में 50 हजार रुपये तक मुआवजे के प्रावधान के बारे में बताया गया।
वहीं Good Samaritan यानी राह-वीर योजना के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके तहत दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को प्रोत्साहन के रूप में पुरस्कार और प्रशंसा प्रमाण-पत्र दिए जाने की जानकारी छात्राओं को दी गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को समझाया गया कि दुर्घटना पीड़ित की मदद करना सामाजिक जिम्मेदारी के साथ-साथ किसी की जिंदगी बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी हो सकता है।
कार्यक्रम का मंच संचालन रोटेरियन CA प्रियंक अजमेरा ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में रोटेरियन अनिल गुप्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर रोटरी क्लब अध्यक्ष रोटेरियन विनीत पाटोदी, सचिव जयेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष अमित मक्कड़, हरिश वतरा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कॉलेज स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। सेमिनार के माध्यम से सुरक्षित ड्राइविंग के चार प्रमुख मंत्र—हेलमेट, सीट बेल्ट, नो मोबाइल और स्पीड लिमिट—को अपनाने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।